रिंकू की प्लेइंग 11 में जगह नहीं बनती: आकाश चोपड़ा बोले- वो अच्छे फिनिशर लेकिन हार्दिक और जितेश भी तो हैं; मदन लाल ने कहा- कुलदीप को खिलाना जरूरी
Published:
3 min read

रिंकू सिंह ने अपना आखिरी T20I अफगानिस्तान खिलाफ 2024 में खेला था। (फाइल)
स्पोर्ट्स डेस्क. एशिया कप के लिए भारतीय क्रिकेट टीम की ऐलान हो चुका है। सबसे ज्यादा चर्चा रिंकू सिंह को लेकर है। आकाश चोपड़ा के मुताबिक- रिंकू को टीम में तो रखा गया है, लेकिन शायद प्लेइंग 11 में उन्हें जगह न मिले।दूसरी तरफ, 1983 की वर्ल्ड कप विनर टीम के सदस्य मदन लाल का कहना है कि इंडिया को इस इवेंट को जीतना है तो कुलदीप यादव को जरूर प्लेइंग में लेना चाहिए।
रिंकू प्लेइंग 11 में फिट नहीं
आकाश ने अपने यूट्यूब चैनल कहा- रिंकू का अभी प्लेइंग 11 में होना मुश्किल है। वो अच्छे फिनिशर हैं लेकिन फिलहाल टीम में उनकी जरूरत नहीं दिख रही। जब हार्दिक पंड्या और जितेश शर्मा जैसे खिलाड़ी टीम में हों तो रिंकू प्लेइंग XI में फिट नहीं बैठते। आकाश ने आगे कहा- उनका नंबर आएगा, लेकिन अभी नहीं, क्योंकि टीम में जगह ही नहीं है। हार्दिक और जितेश पहले ही वहां हैं।

नंबर 7 पर शिवम को खिलाएं
आकाश ने कहा- अगर इंडिया को नंबर 7 पर किसी को खिलाना चाहिए तो वह शिवम दुबे हैं। हाल ही में दुबे ने अच्छा परफॉर्म किया है। शिवम बॉलिंग के साथ बैटिंग भी करते हैं। भारत को टीम में मल्टी टैलेंटेड प्लेयर चाहिए।
रिंकू को पिछले दो IPL में ज्यादा खेलने का मौका नहीं मिला। 2025 IPL में उन्होंने 113 बाॅल खेलीं। 2024 में 134 बाॅल ही खेल पाए थे। इससे पता चलता है कि उनका रोल थोड़ा कम हो गया है। KKR कोच गौतम गंभीर ने उनको ज्यादा मौके नहीं दिए। इस वजह से भी प्लेइंग 11 में उनकी जगह मुश्किल में नजर आ रही है।
कुलदीप को खिलाना जरूरी
पूर्व क्रिकेटर मदन लाल ने न्यूज एजेंसी ANI से कहा- अगर भारत को एशिया कप जीतना है तो कुलदीप यादव को खिलाना चाहिए। दुबई की पिच पर स्पिनर बहुत काम आते हैं। इंडिया को चाइनामैन के साथ दो स्पिनर और 3 पेसर टीम में शामिल करना चाहिए।
मदन लाल के मुताबिक- श्रीलंका, पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश में से अफगानिस्तान की टीम अच्छी है और वो एशिया कप जीतने की दावेदार है। पाकिस्तान का T20I में हालिया परफॉर्मेंस अच्छा नहीं रहा।
एशिया कप के लिए टीम इंडिया
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल (उप-कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, संजू सैमसन (विकेटकीपर), हर्षित राणा और रिंकू सिंह।

