चीफ सिलेक्टर अगरकर एक्सटेंशन नहीं लेंगे: 4 अक्टूबर को कार्यकाल खत्म, पार्थिव और प्रज्ञान में से कोई एक यह पद संभाल सकता है
Published: Updated:
3 min read

अजीत अगरकर जुलाई 2023 में चीफ सिलेक्टर बने थे। उन्होंने चेतन शर्मा की जगह यह जिम्मेदारी संभाली थी। (फोटो सोर्स - @BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. अजीत अगरकर अब चीफ सिलेक्टर के पद पर एक्सटेंशन नहीं लेंगे। उन्होंने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) को इसकी जानकारी दे दी है। उनका कॉन्ट्रैक्ट 4 अक्टूबर को खत्म हो रहा है। BCCI सचिव दैवजीत सैकिया ने कहा कि बोर्ड के पास नए चीफ सिलेक्टर पर फैसला लेने के लिए 4 अक्टूबर तक का समय है।
इसके बाद खाली होने वाली पोस्ट पर फैसला लिया जाएगा। बता दें अगरकर की जगह लेने के लिए पार्थिव पटेल और प्रज्ञान ओझा के नाम सामने आ रहे हैं।
18 सितंबर को ही अपना फैसला बता दिया था
अगरकर ने 18 सितंबर को BCCI को बताया था कि वह अपना कॉन्ट्रैक्ट आगे नहीं बढ़ाना चाहते। इसके बाद BCCI AGM में ऑफिस बियरर्स को सेलेक्शन कमेटी के भविष्य पर फैसला लेने का अधिकार दिया गया था। सैकिया ने कहा कि अगरकर का टेन्योर 4 अक्टूबर को खत्म होगा। इसके बाद BCCI खाली पोस्ट को लेकर फैसला करेगा। फैसला होने के बाद इसकी जानकारी पब्लिक डोमेन में दी जाएगी।

जुलाई 2023 में संभाली थी जिम्मेदारी
अगरकर जुलाई 2023 में चीफ सिलेक्टर बने थे। उन्होंने चेतन शर्मा की जगह यह जिम्मेदारी संभाली थी। उनके कार्यकाल में भारतीय टीम ने 2024 में T20 वर्ल्ड कप जीता। इसके बाद 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी का टाइटल भी अपने नाम किया। नए चीफ सिलेक्टर के सामने 2027 ODI वर्ल्ड कप की तैयारी बड़ी जिम्मेदारी होगी। BCCI 4 अक्टूबर के बाद इस पोस्ट को भरने की प्रक्रिया शुरू करेगा।
ये भी पढ़े : जापान में स्पेशल तकिया खरीदने पहुंचे बुमराह : पत्नी संजना ने पूछा- इतनी दूर ये करने गए?; जसप्रीत का मजेदार जवाब, VIDEO वायरल
एशियन गेम्स में मेन्स टीम से गोल्ड की उम्मीद
BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने एशियन गेम्स में इंडियन मेन्स टीम को लेकर भी बात की। उन्होंने कहा कि महिला टीम ने गोल्ड जीतकर शानदार प्रदर्शन किया है। अब मेन्स टीम भी इसी तरह अच्छा प्रदर्शन करे, ऐसी उम्मीद है। भारतीय टीम का अभियान 28 सितंबर से शुरू होगा। फाइनल 3 अक्टूबर को खेला जाना है।

