वर्ल्ड कप जिताकर कप्तानी जाना अच्छा नहीं: सूर्या के लिए ये टफ टाइम, चीफ सिलेक्टर अगरकर बोले- श्रेयस एक काबिल कप्तान
Published: Updated:
3 min read

सूर्यकुमार यादव ने भारतीय टीम के लिए 52 T20I में कप्तानी की। टीम ने 40 मैच जीते। सिर्फ 8 मुकाबलों में हार मिली।
स्पोर्ट्स डेस्क. इसी साल मार्च में भारतीय टीम को टी20 वर्ल्ड कप जिताने वाले सूर्यकुमार यादव की कप्तानी चली गई है। BCCI की सिलेक्शन कमेटी ने टी20 फॉर्मेट का नया कप्तान श्रेयस अय्यर को बनाया है। साथ ही चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर ने कहा कि वर्ल्ड कप जिताकर कप्तानी जाना सूर्या के लिए मुश्किल मामला रहा है। हालांकि श्रेयस एक काबिल कप्तान हैं।
दरअसल, आयरलैंड और इंग्लैंड सीरीज के साथ एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय टी20 टीम का ऐलान शनिवार (6 जून) को कर दिया गया है। सूर्यकुमार की जगह अब टी20 टीम की कप्तानी श्रेयस को सौंपी गई है।
इंग्लैंड सीरीज और एशियन गेम्स 2026 के लिए घोषित भारतीय टीम देखने के लिए यहां क्लिक करें...
टीम से बाहर होने में सूर्या की फॉर्म जिम्मेदार
इसके बाद अगरकर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा- सूर्या के लिए यह काफी मुश्किलों वाली बात है, क्योंकि उन्होंने हाल ही में टीम इंडिया को वर्ल्ड कप जिताया है। लेकिन जैसा कि हर वर्ल्ड कप के बाद होता है आप आगे बढ़ने के लिए बेहतर रास्ता तलाशते हैं और चीजों का पुनर्मूल्यांकन करते हैं।
अगरकर ने सूर्या के बाहर होने के लिए उनकी की फॉर्म को जिम्मेदार ठहराया है। चीफ सिलेक्टर ने कहा- हमने आगे बढ़ने के लिए काफी चीजों पर विचार किया। इसमें कुछ हद तक सूर्या की फॉर्म भी थी। साथ ही अगले टी20 वर्ल्ड कप के लिए दो साल या उससे थोड़ा ज्यादा समय का जो साइकिल है, उसको ध्यान में रखते हुए हमने बेस्ट तरीका देखा है। जैसा कि मैंने कहा है श्रेयस इसके लिए काबिल कप्तान हैं।
सूर्या का परफॉर्मेंस
भले ही सूर्या ने अपनी कप्तानी में T20 वर्ल्ड कप 2026 जिताया हो, लेकिन टूर्नामेंट में उनकी परफॉर्मेंस खराब रही थी। सूर्या ने 9 इनिंग्स में 242 रन बनाए। वहीं IPL 2026 में भी वह 13 इनिंग्स में सिर्फ 270 रन ही बना सके।
सूर्या ने भारतीय टीम के लिए 52 T20I में कप्तानी की। टीम ने 40 मैच जीते। सिर्फ 8 मुकाबलों में हार मिली। इसी दौरान भारत ने एशिया कप 2025 और T20 वर्ल्ड कप 2026 टाइटल भी जीता।
जुलाई 2024 में कप्तान बनने के बाद सूर्यकुमार का T20I एवरेज 25.88 रहा। इस दौरान उन्होंने 6 फिफ्टी लगाईं। वहीं 4 बार शून्य पर भी आउट हुए। कप्तानी मिलने से पहले उनका एवरेज 43.60 था।
कप्तानी जाने पर सूर्या का रिएक्शन
इस मामले में सूर्या का भी बयान आया है। उन्होंने मुंबई टी20 लीग के एक मैच में टॉस के दौरान कहा- मैं श्रेयस अय्यर के भारतीय टी20 टीम के कप्तान बनने पर बेहद खुश हूं। हमने मुंबई में काफी समय एक साथ क्रिकेट खेला है। यह भी बेहद दिलचस्प बात है कि टी20 टीम के पिछले तीन कप्तान मुंबई से ही हैं।

