रोहित-विराट जैसे प्लेयर ट्रायल पर नहीं रखे जाते: चीफ सिलेक्टर अगरकर बोले- वर्ल्ड कप को अभी 2 साल, कौन खेलेगा कौन नहीं..इसकी गारंटी नहीं
Published:
3 min read

रोहित-विराट 19 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलते नजर आएंगे। फाइल।
स्पोर्ट्स डेस्क: रोहित शर्मा और विराट कोहली क्या 2027 वर्ल्ड कप खेलेंगे। इस बात की चर्चा खेल प्रेमियों के बीच हर जगह है। ज्यादातर फैंस चाहते हैं कि दोनों प्लेयर्स आने वाले समय में टीम के लिए खेलते रहें। चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर का कहना है कि भविष्य में क्या होगा, ये बताया नहीं जा सकता। दोनों प्लेयर्स वर्ल्ड कप खेलेंगे या नहीं, इस पर कोई चर्चा नहीं है। अभी बस इस पर फोकस है कि ओवरऑल टीम कैसा परफॉर्म कर रही है।
हमारा फोकस एक-दो प्लेयर्स पर नहीं
NDTV के एक इवेंट में अगरकर से पूछा गया कि क्या विराट कोहली और रोहित शर्मा 2027 वर्ल्ड कप टीम का हिस्सा होंगे।
जवाब में उन्होंने कहा- फिलहाल तो दोनों ऑस्ट्रेलिया सीरीज में खेलते नजर आएंगे। देखिए, मैंने पहले भी कहा है कि वर्ल्ड कप में अभी 2 साल हैं। पता नहीं आगे क्या होगा। आप सिर्फ उन्हीं 2 प्लेयर्स की बात क्यों कर रहे हैं। ऐसा भी हो सकता है कि किसी जूनियर प्लेयर की ही फॉर्म खराब हो जाए। हमारा ध्यान किसी एक या दो प्लेयर पर नहीं है। हमारा फोकस पूरी टीम पर है।

रोहित-विराट के फ्यूचर पर अभी कोई बात नहीं
क्या विराट-रोहित को टीम में बने रहने के लिए हर सीरीज में परफॉर्म करना पड़ेगा। अगरकर ने कहा- वे दोनों बड़े खिलाड़ी हैं। एक की एवरेज 50 से ज्यादा है, जबकि दूसरे की 50 के आस-पास है। ऐसे प्लेयर्स को हर सीरीज के पहले या बाद में ट्रायल पर नहीं रख सकते।
दोनों प्लेयर 7 से 8 महीने बाद फील्ड पर नजर आएंगे। अभी हम उन्हें खेलते देखना चाहते हैं। हम उन्हें ट्रायल पर नहीं रख रहे। ऐसा बिल्कुल नहीं है कि अगर उन्होंने इस सीरीज में रन नहीं बनाए तो वे वर्ल्ड कप में नहीं होंगे। साथ ही, ऐसा भी नहीं है कि अगर उन्होंने 3 शतक लगा दिए तो गारंटी हो गई कि वे आगे खेलते ही रहेंगे। अभी हम फ्यूचर की तरफ नहीं देख रहे हैं।
सिर्फ ODI में दिखेगी रोहित-कोहली की जोड़ी
रोहित शर्मा और विराट कोहली सिर्फ ODI खेलते आएंगे। दोनों ने इसी साल टेस्ट क्रिकेट से रिटायरमेंट ले लिया था। इससे पहले उन्होंने 2024 टी-20 वर्ल्ड जीतने के बाद इस फॉर्मेट से भी संन्यास की घोषणा कर दी थी। रोहित शर्मा ऑस्ट्रेलिया सीरीज की अनाउंसमेंट से पहले तक टीम इंडिया के ODI कप्तान थे। हालांकि, उनकी जगह शुभमन गिल को कप्तानी दी गई है। गिल अब भारत के टेस्ट और ODI कैप्टेन हैं।

