शमी के नाम की चर्चा भी नहीं हुई: टेस्ट-वनडे टीम में जगह नहीं मिलने पर चीफ सिलेक्टर बोले- जैसी फिटनेस की जानकारी, वैसा फैसला
Published:
2 min read

35 साल के शमी ने अब तक 64 टेस्ट में 229 और 108 वनडे में 206 विकेट लिए हैं। पेसर ने 25 टी20 इंटरनेशनल में 27 विकेट लिए। (सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. टीम इंडिया को जून में अफगानिस्तान के खिलाफ एक टेस्ट और 3 वनडे की सीरीज खेलना है। इसके लिए मंगलवार (19 मई) को भारतीय टीम की घोषणा कर दी गई है। इसमें तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को नहीं चुना गया। इस पर चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर का बयान आया है।
उन्होंने कहा कि हमें जो शमी की फिटनेस के बारे में जानकारी मिली है, उसी के हिसाब से फैसला किया गया है। शमी की फिटनेस सिर्फ टी20 के लिए है। इसी वजह से वनडे और टेस्ट टीम में सिलेक्शन के लिए उनके नाम की चर्चा भी नहीं हुई।

शमी सिर्फ टी20 के लिए फिट हैं
शमी ने हाल ही में घरेलू क्रिकेट खेली है। साथ ही IPL के शुरुआती 12 मैच में 10 विकेट भी लिए। इसमें उनका इकॉनोमी रेट 8.81 का रहा। शमी ने टीम इंडिया के लिए आखिरी मैच मार्च 2025 में चैम्पियंस ट्रॉफी का फाइनल खेला था।
शमी के सिलेक्शन के सवाल पर अगरकर ने पत्रकारों से- जहाँ तक हमें बताया गया है कि इस समय वे फिट हैं और क्रिकेट खेल रहे हैं। मैं जानता हूं कि उन्होंने इस साल घरेलू सीजन और बाकी क्रिकेट भी खेली है। मुझे जो जानकारी मिली है, उसके हिसाब से इस समय वह T20 क्रिकेट के लिए ही ज्यादा फिट हैं, हैं ना? इसी वजह से उनके नाम को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई।

अफगानिस्तान सीरीज के लिए भारतीय टीम
वनडे टीम: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव, गुरनूर बराड़ और हर्ष दुबे।
टेस्ट टीम: शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल (उपकप्तान), साई सुदर्शन, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), देवदत्त पडिक्कल, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, मानव सुथार, गुरनूर बराड़, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर) और हर्ष दुबे।
इंडिया Vs अफगानिस्तान सीरीज शेड्यूल
सिर्फ एक टेस्ट - 6 से 10 जून - न्यू चंडीगढ़
पहला ODI - 14 जून - धर्मशाला
दूसरा ODI - 17 जून - लखनऊ
तीसरा ODI - 20 जून - चेन्नई

