अब कमेंट्री करेंगे रहाणे : भारत-श्रीलंका टेस्ट सीरीज से शुरुआत;15 अगस्त से शुरू होगी दो मैच की सीरीज
Published:
3 min read

रहाणे ने 31 अगस्त 2011 को इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था। पहला मैच इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर में टी20 खेला था। इसके बाद से रहाणे ने 15 साल के कॅरियर में 195 इंटरनेशनल मैच खेले, जिसमें 8414 रन बनाए। इसमें 15 सेंचुरी और 51 फिफ्टी शामिल हैं।
स्पोर्ट्स डेस्क. पूर्व भारतीय कप्तान अजिंक्य रहाणे कमेंट्री बॉक्स में नई पारी शुरू करने जा रहे हैं। रहाणे 15 अगस्त से शुरू होने वाली भारत-श्रीलंका दो टेस्ट मैचों की सीरीज में पहली बार टेस्ट कमेंट्री करते नजर आएंगे। वह Sony Sports Network और Sony LIV के कमेंट्री पैनल का हिस्सा होंगे।
करीब 18 साल के क्रिकेट कॅरियर के बाद रहाणे ने हाल ही में खेल से संन्यास लिया है। अब वह अपने अनुभव के जरिए फैंस को टेस्ट क्रिकेट को एक अलग नजरिए से समझाएंगे।
खेल की गहरी समझ
रहाणे ने भारत के लिए 85 टेस्ट मैच खेले और इस दौरान 5,077 रन बनाए। उनके नाम 12 सेंचुरी और 26 फिफ्टी भी दर्ज हैं। लंबे समय तक टेस्ट क्रिकेट खेलने की वजह से उन्हें मैच की परिस्थितियों और खेल की बारीकियों की अच्छी समझ है।
कमेंट्री के दौरान वह खिलाड़ियों की रणनीति, अहम फैसलों और मैच के बदलते रुख को आसान भाषा में समझाते नजर आएंगे। उनके अनुभव से दर्शकों को यह जानने का मौका मिलेगा कि टेस्ट मैच में किसी एक फैसले या छोटे से पल का कितना बड़ा असर हो सकता है।

टेस्ट क्रिकेट को अलग नजरिए से देखने का मौका
रहाणे ने कहा कि भारत के श्रीलंका दौरे पर टेस्ट कमेंट्री की शुरुआत को लेकर वह काफी उत्साहित हैं। उन्होंने कहा- टेस्ट क्रिकेट खेल का सबसे ऊंचा स्तर है और इतने सालों तक भारत के लिए इस फॉर्मेट में खेलने के बाद अब इसे एक अलग नजरिए से देखना खास अनुभव होगा।
रहाणे अब अपने खेल के अनुभव को दर्शकों के साथ साझा करना चाहते हैं और मैच के दौरान लिए जाने वाले फैसलों, रणनीतियों और अहम पलों को करीब से समझाने की कोशिश करेंगे। उनका कहना है कि वह अपनी कमेंट्री के जरिए फैंस के लिए मैच देखने का अनुभव और बेहतर बनाना चाहते हैं, ताकि उन्हें मैदान पर होने वाली चीजों की गहरी समझ मिल सके।

सोनी स्पोर्ट्स ने भी रहाणे के अनुभव को बताया खास
Sony Pictures Networks India के चीफ रेवेन्यू ऑफिसर और स्पोर्ट्स एंड इंटरनेशनल बिजनेस हेड राजेश कौल ने अजिंक्य रहाणे के कमेंट्री पैनल में शामिल होने पर खुशी जताई।
उन्होंने कहा- रहाणे हमेशा अपने शांत स्वभाव, मुश्किल हालात में टिके रहने की क्षमता और खेल को समझने के लिए जाने जाते रहे हैं। टेस्ट क्रिकेट में रहाणे के लंबे अनुभव की वजह से उनकी कमेंट्री दर्शकों के लिए काफी खास होगी। वह मैच के अहम पलों को अपने अनुभव के साथ समझाएंगे और भारत के श्रीलंका दौरे की कवरेज में एक नया नजरिया जोड़ेंगे।

15 अगस्त से शुरू होगी टेस्ट सीरीज
भारत और श्रीलंका के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज 15 अगस्त से 27 अगस्त 2026 तक खेली जाएगी।

