अफगानिस्तान ने हांगकांग को 94 रन से हराया: ओमरजई ने सूर्यकुमार यादव का रिकॉर्ड तोड़ा, टी20 एशिया कप की सबसे तेज फिफ्टी जड़ी; ऐसा रहा मैच का रोमांच
Published:
3 min read

अजमतुल्लाह ओमरजई ने लगाई एशिया कप टी20 की सबसे तेज फिप्टी। (X- @ACBofficials)
स्पोर्ट्स डेस्क। एशिया कप 2025 का आगाज हो चुका है। ओपनिंग मैच अबु धाबी के शेख जायद स्टेडियम में हुआ। अफगानिस्तान ने हांगकांग को 94 रन से हराया। अफगानिस्तान के अजमतुल्लाह ओमरजई ने 21 गेंद पर 53 रन की पारी खेली। वह एशिया कप टी20 में सबसे तेज फिफ्टी लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।
सेदिकुल्लाह अटल ने भी 52 गेंद पर 73 रन की पारी खेली और अपने टी20 कॅरियर का बेस्ट स्कोर बनाया।
सदीकुल्लाह और नबी ने पारी को संभाला
टॉस जीतकर अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। शुरुआत खास नहीं रही। महज 25 रन के स्कोर पर अफगानिस्तान ने रहमानुल्लाह गुरबाज के रूप में पहला विकेट खो दिया। इसके बाद इब्राहिम जादरान भी 1 रन बनाकर आउट हो गए। सदीकुल्लाह अतल और मोहम्मद नबी के बीच 41 गेंद में 51 रन की पार्टनरशिप हुई। 73 रन के कुल स्कोर पर नबी आउट हुए। गुलबदीन नाइब भी 5 रन बनाकर पवेलियन की ओर लौट गए।
अफगानिस्तान ने आखिरी 10 ओवर में 111 रन बनाए
16वें ओवर तक अफगानिस्तान का स्कोर 119/4 था। 17वें ओवर में ओमरजई ने अतीक इकबाल के खिलाफ दो छक्के और एक चौका लगाया गया। अतीक के इस ओवर में 25 रन बने। इसके बाद 19वां ओवर भी अफगानिस्तान के लिए शानदार रहा। आयुष शुक्ला के इस ओवर में ओमरजई ने लगातार तीन सिक्स जड़े। उन्होंने फुल टॉस गेंद पर चौका जड़ा और हाफ सेंचुरी पूरी की। इसी ओवर में वह एक स्लोवर डिलीवरी पर कॉट एजाज खान को कैच थमा बैठे। आखिरी 10 ओवर में अफगानिस्तान ने 111 रन बनाए। इस तरह निर्धारित 20 ओवर में अफगान टीम का स्कोर 188 रहा। आयुष शुक्ला और किन्चित शाह ने 2-2 विकेट लिए।
94 रन से हारा हांगकांग
टारगेट का पीछा करते हुए हांगकांग की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। 45 रन के स्कोर पर आधी टीम पवेलियन लौट गई। बाबर हयात ने सबसे ज्यादा 39 रन और यासीम मुर्तजा ने 16 रन की पारी खेली। हांगकांग 20 ओवर में 9 विकेट खोकर केवल 94 रन ही बना सका। यह मैच अफगानिस्तान ने 94 रन से जीत लिया। गुलबदीन नाइब और फजलहक फारूकी ने 2-2 विकेट अपने नाम किए।
ओमरजई ने सूर्यकुमार यादव को पछाड़ा
ओमरजई ने अपनी इस तेज तर्रार फिफ्टी की बदौलत सूर्यकुमार यादव का रिकॉर्ड तोड़ा। दरअसल, अब तक एशिया कप टी20 में सबसे तेज फिफ्टी जड़ने का रिकॉर्ड टीम इंडिया के सूर्यकुमार यादव के नाम ही था। उन्होंने 2022 के टूर्नामेंट में 22 गेंद पर अर्धशतक जमाया था। अफगानिस्तान के रहमानुल्लाह गुरबाज भी एशिया कप में 22 गेंद पर फिफ्टी जमा चुके हैं। ओमरजई इसके साथ ही टी20 इंटरनेशनल में अफगानिस्तान की ओर से भी सबसे तेज अर्धशतक जमाने वाले खिलाड़ी बन गए। इस मामले में उन्होंने मोहम्मद नबी और गुलबदीन नाइब को पीछे छोड़ा। इन दोनों खिलाड़ियों के नाम 21-21 गेंद पर 50 रन पूरे करने का रिकॉर्ड है।

