पाकिस्तानी हमले में 3 अफगान क्रिकेटर्स की मौत: तीनों क्लब क्रिकेटर थे, अफगानिस्तान का PAK के खिलाफ ट्राईसीरीज खेलने से इनकार
Published: Updated:
3 min read

अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने पाकिस्तानी हमले में मरने वाले तीनों क्रिकेटर कबीर आगा (लेफ्ट), हारून (बीच में) और सिबगातुल्ला की फोटो शेयर की।
स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच जंग रुकने का नाम नहीं ले रही है। शुक्रवार की देर रात पाकिस्तान ने एक एयरस्ट्राइक की। टोलो न्यूज के मुताबिक, इस हमले में अफगानिस्तान के तीन क्लब क्रिकेटर समेत 40 लोगों की मौत हुई। इसके बाद अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने एक सोशल मीडिया पोस्ट शेयर की।
इसमें उन तीनों क्रिकेटर्स के फोटो भी शेयर किए, जिनकी डेथ हुई। साथ ही ACB ने कहा कि अफगानिस्तान क्रिकेट टीम पाकिस्तान और श्रीलंका के साथ होने वाली ट्राई सीरीज नहीं खेलेगी।
उरगुन जिले में क्रिकेटर्स की मौत
दरअसल, अफगानिस्तान, पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच नवंबर में ट्राई सीरीज होनी है। इसका पहला मुकाबला 17 नवंबर को शेड्यूल है। यह पहला मैच पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच ही होना है। हालांकि अब अफगानिस्तानी बोर्ड ने ट्राई सीरीज नहीं खेलने का फैसला किया है।
पाकिस्तान ने कई जगह एयरस्ट्राइक की। अफगान में पक्तिका प्रांत के उरगुन जिले में भी हमला हुआ, जहां अफगानिस्तान के क्लब क्रिकेटर कबीर आगा, सिबगातुल्ला और हारून की मौत हो गई। एक एयरस्ट्राइक कंधार प्रांत के स्पिन बोल्डक जिले में भी हुआ, जहां सबसे ज्यादा मौतें हुईं।
फ्रेंडली मैच खेलकर लौटे थे तीनों क्रिकेटर
अफगानिस्तानी बोर्ड ने अपनी पोस्ट में बताया कि जिन क्रिकेटर्स की मौत हुई वो पक्तिका प्रांत की राजधानी शराना गए थे। यहां उन्हें एक फ्रेंडली मैच खेला था। लौटने के बाद उरगुन जिले में एक सभा आयोजित की गई थी। इसी दौरान यह हमला हुआ।
आम लोगों को टारगेट करना बर्बरता है
अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के कप्तान राशिद खान ने कहा- पाकिस्तानी एयरस्ट्राइक में अफगानिस्तान के आम लोगों ने जान गंवाई। यह जानकर बहुत दुख हुआ है।
अपने देश को रिप्रेजेंट करने का सपना देखने वाले क्रिकेटर्स, महिलाओं और बच्चों टारगेट किया गया। आम लोगों और उनकी संपत्तियों को टारगेट किया गया, जो अनैतिक और बर्बरता है। ACB ने ट्राई सीरीज खेलने से मना कर दिया है। मैं इस फैसले का स्वागत करता हूं।
पाकिस्तान-अफगानिस्तान जंग की वजह
दोनों देशों के बीच 2,460 किलोमीटर लंबी बॉर्डर है, जिसे डूरंड कहा जाता है। यह ब्रिटिशकाल में बनाई गई थी। अफगानिस्तान में तालिबान की सत्ता अगस्त 2021 में आई। पाकिस्तान दावा करता है कि तालिबान आने के बाद डूरंड बॉर्डर से आतंकियों की घुसपैठ काफी बढ़ गई है।
यही आरोप लगाते हुए पाकिस्तान ने कई बार बॉर्डर के करीब अफगानी इलाकों में एयरस्ट्राइक की है। तालिबान इसका विरोध करता रहा है। इसी को लेकर पाकिस्तान ने पिछले हफ्ते बॉर्डर के पार एक बार फिर एयरस्ट्राइक की। इसमें 27 आतंकियों को मारने का दावा किया। जवाब में तालिबान ने बॉर्डर से लगी पाकिस्तानी पुलिस चौकियों पर हमले कर दिए।
जवाब में पाकिस्तान ने हेलमंद, कंधार, खोस्त और पक्तिका जैसे प्रांतों में हमले कर 200 तालिबानी लड़ाकों को मारने का दावा किया। दूसरी ओर तालिबान ने इस दावे को नकारते हुए पाकिस्तान के 58 सैनिकों को मारने का दावा किया।

