अफगानी क्रिकेटर का दिल्ली के हॉस्पिटल में निधन: 38 साल के जादरान HLH बीमारी से जूझ रहे थे; 44 वनडे और 36 टी20 इंटरनेशनल खेले
Published: Updated:
2 min read

अफगानिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शापूर जादरान ने 44 वनडे में 43 और 36 T20I में 37 विकेट लिए थे। (फोटो- सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. अफगानिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शापूर जादरान का दिल्ली के एक हॉस्पिटल में निधन हो गया है। वे एक गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। 38 साल के जादरान ने अफगानिस्तान टीम के लिए 44 वनडे और 36 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले। कल यानी 8 जुलाई को जादरान का बर्थडे था और वे 39 साल के हो जाते।
शापूर के निधन की जानकारी उनके भाई घामई जादरान ने दी है। शापूर को इसी साल जनवरी में इलाज के लिए दिल्ली लाया गया था। तभी से घामई अपने भाई के साथ ही थे। शापूर को हेमोफैगोसाइटिक लिम्फोहिस्टियोसाइटोसिस (HLH) बीमारी थी।
शापूर की बीमारी लास्ट स्टेज में थी
यह एक गंभीर और दुर्लभ बीमारी है, जिसमें इम्यून सिस्टम काम करना बंद कर देता है। शापूर इस बीमारी के लास्ट स्टेज में थे। उनके भाई घामई ने बताया कि शापूर की पिछले साल अक्टूबर में तबीयत खराब हुई थी। तभी इस बीमारी के लक्षण दिखे थे। अफगानिस्तान में डॉक्टर्स ने शापूर को दिल्ली ले जाने की सलाह दी थी।
6'2 लंबे शापूर ने 30 अगस्त 2009 को इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था। पहला वनडे नीदरलैंड्स के खिलाफ खेला था। जबकि आखिरी मैच 8 मार्च 2020 को आयरलैंड के खिलाफ टी20 खेला था।
अफगानिस्तानी बोर्ड ने भी पोस्ट शेयर की
शापूर जादरान अफगानिस्तानी टीम के शुरुआती सफर का हिस्सा रहे थे। उनके निधन पर अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने भी एक पोस्ट शेयर कर शोक व्यक्त किया। ACB ने लिखा- बोर्ड शापूर के निधन पर दुख और शोक व्यक्त करता है। शापूर अफगानिस्तान क्रिकेट की नींव रखने वाले खिलाड़ियों में से एक थे। उनके समर्पण, जोश और अटूट प्रतिबद्धता ने हमारे देश में इस खेल के उत्थान और विकास में अहम भूमिका निभाई।

