AFC एशियन कप 2027 क्वालिफायर्स: 22 साल बाद बांग्लादेश पहुंची भारतीय फुटबॉल टीम, ढाका में होगा मुकाबला
Published:
4 min read

इंडियन फुटबॉल टीम मंगलवार को ढाका के नेशनल स्टेडियम में बांग्लादेश के खिलाफ एक मुकाबला खेलेगी। यह मैच एएफसी एशियन कप 2027 क्वालिफायर्स का हिस्सा है। 22 साल बाद भारत फिर से बांग्लादेश की सरजमीं पर उसके ही खिलाफ उतरने जा रहा है।
स्पोर्ट्स डेस्क. भारत की सीनियर फुटबॉल टीम एक बार फिर बांग्लादेश के खिलाफ खेलने जा रही है, वो भी ढाका में पूरे 22 साल बाद। AFC एएफसी एशियन कप 2027 क्वालिफायर के ग्रुप-C मुकाबले में दोनों टीमें आमने-सामने होंगी। इस मैच को लेकर दोनों देशों के फैंस के बीच भारी उत्साह देखने मिल रहा है।
इंडियन फुटबॉल टीम मंगलवार को ढाका के नेशनल स्टेडियम में बांग्लादेश के खिलाफ एक अहम मुकाबला खेलेगी। यह मैच एएफसी एशियन कप 2027 क्वालिफायर्स का हिस्सा है। AFC की जानकारी के मुताबिक, यह मौका खास इसलिए भी है क्योंकि 22 साल बाद भारत फिर से बांग्लादेश की सरजमीं पर उसके ही खिलाफ उतरने जा रहा है। आखिरी बार 2003 में SAFF गोल्ड कप में दोनों टीमें इसी मैदान पर आमने-सामने आई थीं, जहां बांग्लादेश ने भारत को 2-1 से हराया था।
कोच ने कहा- हम तैयार हैं
मुकाबले पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारत के कोच खालिद जमील ने कहा- हमें यहां आकर अच्छा लग रहा है। बांग्लादेश की टीम अच्छी है। बढ़िया मुकाबला देखने को मिलेगा। इंडिया के गोलकीपर साहिल ने कहा- बेंगलुरु में प्रैक्टिस करके आए हैं। मैच के लिए हम पूरी तरह तैयार हैं।भारतीय टीम ने 6 नवंबर से बेंगलुरु में ट्रेनिंग शुरू की थी। 15 तारीख को ढाका पहुंची। इसके बाद 2 दिन कई प्रैक्टिस सेशन किए।
7 नए प्लेयर दिखेंगे
भारत और बांग्लादेश फुटबॉल मैच की एक खास बात यह भी है कि इसमें यंग प्लेयर्स को मौका मिलेगा। 19 साल के साहिल के अलावा 7 खिलाड़ी ऐसे हैं जो सीनियर टीम में पहली बार अपने देश के लिए खेल रहे हैं। इसमे हृतिक तिवारी, परमवीर, लालरेम्तलुआंगा फानाई, मोहम्मद सानन और बिकाश युमनाम शामिल हैं। इसके अलावा ब्रिसन फर्नांडिस और मैकार्टन लुईस निक्सन के पास सिर्फ एक-एक इंटरनेशनल मैच का एक्सपीरियंस है।
जमील ने आगे कहा- मैं खुश हूं कि प्लेयर कड़ी मेहनत कर रहे है। सभी लोगों खिलाड़ी को मुकाबले की अहमियत पता है। भारतीय टीम जीतने के लिए अलग माइंडसेट से उतरेगी।

FIFA रैंकिंग फायदा चाहेगा भारत
भारत और बांग्लादेश दोनों ही क्वालिफिकेशन रेस से बाहर हो चुके हैं। दोनों चार मैचों में सिर्फ 2-2 पॉइंट ही बटोर पाए। फिर भी, भारत इस मैच को जीतकर टॉप पर रहना चाहेगा और साथ ही FIFA रैंकिंग में भी फायदा पाना चाहेगा। दोनों देशों के बीच मुकाबले हमेशा जोश से भरे होते हैं। रिपोर्ट्स की मानें तो मैच के टिकट कुछ ही मिनट में बिक गए और स्टेडियम में 22,000 से ज्यादा फैंस के आने की उम्मीद है।
बांग्लादेश ने इस साल अपने सारे मैच हारे
बांग्लादेश की बात करें तो उन्होंने इस साल अपने दोनों घरेलू मैच हारे हैं। सिंगापुर से 1-2 और हॉन्ग कॉन्ग से 3-4 से उन्होंने मैच गंवाए। हाल ही में नेपाल के खिलाफ खेले गए फ्रेंडली मैच में उन्होंने 2-2 से ड्रॉ किया था। इसमे हमजा चौधरी ने दो गोल किए थे। हालांकि जमील का कहना है कि उनकी टीम किसी एक खिलाड़ी पर नहीं, बल्कि पूरी बांग्लादेश टीम पर फोकस कर रही है। जमील ने कहा -हमें शांत रहकर अपने प्लान पर टिके रहना है। जीतने की कोशिश ही करनी है।

बांग्लादेश के खिलाफ क्रिकेट सीरीज रद्द
इसी साल अगस्त 2025 होने वाली मेन्स क्रिकेट ODI सीरीज BCCI ने कैंसिल कर दी थी। हाल ही में दिसंबर में होने वाली वुमन्स वनडे सीरीज भी रद्द हो चुकी है।

भारत और बांग्लादेश का रिकॉर्ड
भारत और बांग्लादेश के बीच अब तक 30 मुकाबले हुए हैं। इसमें भारत ने 14 जीते हैं, 4 हारे हैं और 11 मैच ड्रॉ रहे हैं। 2025 मार्च में शिलॉन्ग में दोनों टीमों के बीच खेला गया आखिरी मैच भी ड्रॉ रहा था।

