हम आग और बर्फ नहीं हैं: शुभमन गिल के साथ जोड़ी को लेकर अभिषेक बोले- मैं उसके गेम को अच्छे से जानता हूं
Published:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. टी20 इंटरनेशनल में इन दिनों अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल की ओपनिंग जोड़ी शानदार परफॉर्म कर रही है। ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भी इस जोड़ी ने दमदार प्रदर्शन किया और 2-1 से सीरीज जिताने में अहम भूमिका निभाई। आखिरी मैच के बाद एक रिपोर्टर ने अभिषेक से पूछा कि उनकी और गिल की जोड़ी आग और बर्फ की तरह है।
इस पर अभिषेक ने तपाक से जवाब दिया कि वे उनके विचारों से इत्तेफाक नहीं रखते। उनकी और गिल की जोड़ी आग और बर्फ की तरह बिल्कुल भी नहीं है। यह तो आग और आग की तरह है।
वो भी मेरे गेम को अच्छे से जानता है
इसके बाद अभिषेक ने कहा- मैं उसके (गिल) गेम को बहुत अच्छे से जानता हूं। वो किन बॉलर्स को टारगेट करेगा, यह मुझे पता है। वो भी मेरे गेम को अच्छे से समझता है। हम बचपन से ही रूममेट रहे हैं। यही वजह है कि हम दोनों के बीच काफी अच्छी अंडरस्टेंडिंग है।
अभिषेक बने प्लेयर ऑफ द सीरीज
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 सीरीज में अभिषेक ने 5 पारियों में सबसे ज्यादा 163 रन बनाए। इस दौरान एक फिफ्टी लगाई। अभिषेक ने सीरीज में 6 छक्के और 18 चौके लगाए। यही वजह रही कि अभिषेक को प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया।
टीम इंडिया ने 2-1 से जीती टी20 सीरीज
भारतीय टीम और ऑस्ट्रेलिया के बीच 5 टी20 की सीरीज का आखिरी मुकाबला बारिश के कारण बेनतीजा रहा। शनिवार (8 नवंबर) को ब्रिस्बेन के गाबा में हुआ यह मैच 4.5 ओवर ही चल सका। सीरीज का पहला मैच भी बारिश के कारण बेनतीजा रहा था।
दूसरा मैच ऑस्ट्रेलिया ने जीता था। इसके बाद अगले दो टी20 इंडिया ने अपने नाम कर 2-1 से बढ़त बनाई थी। पांचवां मैच धुलने के बाद भारतीय टी ने सीरीज पर 2-1 से कब्जा जमा लिया।

