अभिषेक शर्मा के पिता को उम्मीद: IND-PAK मैच में बेटा देगा बेस्ट परफॉर्मेंस; 14 सितंबर को है मुकाबला
Published:
2 min read

अभिषेक शर्मा और उनके पिता राजकुमार शर्मा। (@abhisheksharma_4)
स्पोर्ट्स डेस्क। एशिया कप 2025 का आगाज हो चुका है। टीम इंडिया ने पहला ही मैच UAE को 9 विकेट से हराकर अपने विजयी रथ की शुरुआत की है। इस मुकाबले में अभिषेक शर्मा ने 16 गेंद पर 3 छक्के और 2 चौके की मदद से 30 रन जड़े थे। उनकी इस पारी ने भारत की जीत बेहद आसान कर दी थी। अब उनके पिता को उम्मीद है कि वह पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में भी ऐसा ही परफॉर्मेंस दिखाएंगे।
राजकुमार शर्मा ने कहा- भारत ने पहले मैच में शानदार प्रदर्शन किया, मैं चाहता हूं कि वे ट्रॉफी जीते। भारत और पाकिस्तान का मैच सबसे बड़े मैचों में से एक होता है। मुझे बहुत खुशी है कि BCCI ने अभिषेक को मौका दिया। मैं चाहता हूं कि वे अपनी बेस्ट परफॉर्मेंस दे। वो भारत को पाकिस्तान के खिलाफ मैच और एशिया कप जिताने में मदद करे।
T20I में 200 के स्ट्राइक रेट से रन बना रहे अभिषेक
अभिषेक ने 2024 में जिम्बाब्वे के खिलाफ इंटरनेशनल डेब्यू किया। अभी तक उन्होंने 18 मैच में 193.49 की स्ट्राइक रेट से 565 रन बनाए। इसमें 2 सेंचुरी और 2 फिफ्टी शामिल है। अभिषेक की सबसे बड़ी ताकत है कि वे स्पिन के खिलाफ ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हैं। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में वह सनराइजर्स हैदराबाद (RSH) की ओर से खेलते हैं।
पहली बार मिला बड़ा मौका
यह अभिषेक का पहला बड़ा टूर्नामेंट है। पाकिस्तान के खिलाफ भी वह पहली बार ही मैदान में उतरेंगे। एशिया कप में अगर वह शानदार प्रदर्शन करते हैं, तो उन्हें फरवरी-मार्च में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप 2026 में जगह बनाने में आसानी होगी।
14 सितंबर को भारत-पाकिस्तान मैच
भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप का मुकाबला रविवार को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच को लेकर काफी लोग विरोध भी कर रहे हैं। मैच रद्द की मांग को लेकर सुप्रीम कोर्ट में याचिका भी दायर की गई थी, लेकिन कोर्ट ने उसे खारिज कर दिया। 21 सितंबर को सुपर-4 राउंड में भी भारत-पाकिस्तान मैच होने की संभावना है।

