अभिषेक शर्मा की टी-20 में अब तक की हाईएस्ट रेटिंग: वरुण चक्रवर्ती नंबर-1 एक बॉलर; खराब परफॉर्मेंस के बाद भी सईम अयूब को फायदा
Published:
2 min read

अभिषेक शर्मा, वरुण चक्रवर्ती और सईम अयूब। (फाइल फोटो)
स्पोर्ट्स डेस्क. भारत ने एशिया कप टी-20 के फाइनल में पाकिस्तान को हराकर 9वां खिताब अपने नाम कर लिया है। इसी बीच 1 अक्टूबर (बुधवार) को ICC ने T20I की रैंकिंग जारी कर दी है। अभिषेक शर्मा ने अब तक की हाईएस्ट रेटिंग हासिल की है। उन्होंने इंग्लैंड के डेविड मलान का पांच साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। वरुण चक्रवर्ती अभी भी नंबर-1 बॉलर बरकरार हैं। पाकिस्तान के सईम अयूब खराब परफॉर्मेंस के बाद भी T20I के नंबर-1 ऑलराउंडर बन गए हैं।
अभिषेक को 931 पॉइंट मिले
अभिषेक शर्मा T20I बैट्समैन में सबसे ज्यादा रेटिंग वाले खिलाड़ी बन गए हैं। किसी भी खिलाड़ी ने आज तक 920 से ज्यादा रेटिंग हासिल नहीं की, लेकिन अभिषेक यह करने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए हैं। हाल ही में जारी हुई रैंकिंग में 931 पॉइंट मिले हैं। इसी के साथ उन्होंने इंग्लैंड के डेविड मलान का पांच साल पुराना रैंकिंग का रिकॉर्ड तोड़ दिया। उन्होंने भारत के विराट कोहली और सूर्यकुमार यादव को भी पीछे छोड़ दिया है। सूर्या 912 और विराट 909 पॉइंट तक पहुंच चुके हैं।
वरुण चक्रवर्ती नंबर-1 पर बरकरार
भारतीय टीम के गेंदबाज वरुण जारी रैंकिंग में नंबर-1 पर कब्जा जमाए बैठे हैं। एशिया कप 2025 में वरुण ने 6 मैच में 7 विकेट अपने नाम किए हैं। कुलदीप यादव ने टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा 17 विकेट लिए, इसका फायदा उनकी रैंकिंग में हुआ। कुलदीप को 9 स्थान का फायदा हुआ है, वे अब ICC की T20I रैंकिंग में 648 पॉइंट के साथ 12वें स्थान पर हैं। तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को 7 स्थान का नुकसान हुआ है।
हार्दिक को पीछे छोड़ सईम अयूब बने नंबर-1 ऑलराउंडर
ऑलराउंडर की रैंकिंग में हार्दिक को एक स्थान का नुकसान पहुंचा है। पाकिस्तान के ऑलराउंडर अयूब 4 बार डक आउट होने के बाद भी ऑलराउंडर की रैंकिंग में नंबर-1 पर पहुंच गए हैं। सईम के बल्ले से केवल 37 रन निकले, लेकिन गेंदबाजी में 8 विकेट चटकाए, इसी की बदौलत उन्हें चार स्थान का फायदा हुआ। दूसरे नंबर पर हार्दिक पंड्या हैं। अक्षर पटेल को भी एक स्थान का फायदा हुआ है, अब वह 175 पॉइंट के साथ नंबर-10 पर पहुंच गए हैं।

