15 बार भी 0 पर आउट हो तो टेंशन मत लेना: अभिषेक शर्मा बोले- सूर्या का भरोसा और मोटिवेशन मेरी ताकत
Published:
3 min read

अभिषेक शर्मा ने T20I डेब्यू जिम्बाब्वे के खिलाफ 6 जुलाई 2024 में किया था। (फोटो सोर्स:BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. अभिषेक शर्मा ने एशिया कप 2025 में 314 रन बनाए और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी बने। हालांकि एक वक्त ऐसा भी था, जब वो लगातार फ्लॉप हो रहे थे। उस मुश्किल दौर में टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव ने उनका हौसला बढ़ाया था। अभिषेक के मुताबिक, सूर्या ने उनसे कहा था कि अगर वो 15 बार भी जीरो पर आउट हो जाएंगे तो भी उन्हें टीम से बाहर नहीं किया जाएगा।
सूर्या भैया ने मोटिवेट किया
अभिषेक ने गौरव कपूर के शो ब्रेकफास्ट विद चैंपियंस में क्रिकेट से जुड़े कुछ मुद्दों पर राय दी। कहा- सूर्यकुमार यादव की बातों ने मुझे मोटिवेट किया। मेरा खेलने का माइंडसेट चेंज कर दिया। टीम इंडिया में डेब्यू किया, तब शुरुआती मैचों में जल्दी आउट हो गया। खासकर बांग्लादेश के खिलाफ सीरीज अच्छी नहीं रही। तब सूर्या भैया ने कहा था कि तू मेरे लिए अहम प्लेयर है। अगर तू लगातार 15 बार भी जीरो पर आउट हो जाए तो भी 16वां मैच खेलेगा। मैं ये बात लिखकर दे सकता हूं।
अभिषेक ने आगे कहा- मैने सूर्या भैया से पूछा, पाजी क्या आप कन्फर्म हो? तो उन्होंने कहा- अभिषेक तू बस मेहनत करता जा, जितनी बार आउट होना है, हो जा पर तू अगला मैच जरूर खेलेगा। ये मेरे लिए बहुत बड़ी बात थी कि कप्तान खुद इतना भरोसा जता रहा है।

फिर गेम चेंज किया
अभिषेक कहते हैं- शुरुआत में तो मैं बहुत दबाव में खेलता था। सिर्फ ये सोचता था कि लंबी पारी खेलनी है, विकेट बचाकर रखना है। हालांकि बाद में नैचुरल गेम पर फोकस किया। यह तय कर लिया कि एग्रेसिव माइंडसेट के साथ बैटिंग करना है। अभिषेक आखिर में कहा- मैंने महसूस किया कि मैं खुद को रोक रहा था। अपने शॉट्स नहीं खेल रहा था। फिर मैंने दिमाग से ये बात निकाल दी। इसके बाद अपने नैचुरल गेम पर फोकस किया। अब अच्छे रिजल्ट मिल रहे हैं।

नंबर 1T20I बैट्समैन
अभिषेक शर्मा T20I में सबसे ज्यादा रेटिंग वाले बैटर बन गए हैं। किसी भी खिलाड़ी ने आज तक 920 से ज्यादा रेटिंग हासिल नहीं की, लेकिन अभिषेक यह करने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए हैं।
एशिया कप में प्रदर्शन
शर्मा ने एशिया कप 2025 के 7 मैच में 314 रन बनाए। औसत 44.85 और हाईएस्ट स्कोर 75 रन रहा। इसमें 3 फिफ्टी शामिल हैं। उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का अवॉर्ड मिला। इसके साथ ही एक कार भी मिली। अभिषेक का यह पहला इंटरनेशनल मल्टी नेशनल टूर्नामेंट था।

