अभय सिंह भी स्क्वॉश फाइनल में: पाकिस्तान के मुहम्मद इरफान को 3-0 से हराया, अनाहत ने वर्ल्ड नंबर-6 को शिकस्त दी
Published:
2 min read

एशियन गेम्स में भारत ऐसा दूसरा देश बन गया है, जिसके मेंस और वुमन्स खिलाड़ियों ने एक ही सीजन में स्क्वॉश सिंगल्स के फाइनल में जगह बनाई है।
स्पोर्ट्स डेस्क. एशियन गेम्स में भारतीय स्क्वॉश खिलाड़ी अभय सिंह ने पाकिस्तान के मुहम्मद इरफान को 3-0 से हराकर मेंस सिंगल्स के फाइनल में एंट्री कर ली। वहीं, 18 साल की अनाहत सिंह ने वर्ल्ड नंबर-6 सातोमी वातानाबे को 3-2 से हराकर वुमन्स सिंगल्स के फाइनल में जगह बना ली।
एशियन गेम्स में भारत ऐसा दूसरा देश बन गया है, जिसके मेंस और वुमन्स खिलाड़ियों ने एक ही सीजन में स्क्वॉश सिंगल्स के फाइनल में जगह बनाई है। इससे पहले मलेशिया के खिलाड़ी 2002, 2006, 2010 और 2022 में ऐसा कर चुके हैं।
अभय सिंह ने पाकिस्तान के खिलाड़ी को हराया
अभय सिंह ने सेमीफाइनल में पाकिस्तान के मुहम्मद इरफान को 11-3, 12-10, 11-6 से हराया। मुकाबला करीब 35 मिनट चला। अभय ने पहले गेम में 6-2 की बढ़त बनाई। दूसरे गेम में इरफान ने उन्हें कड़ी टक्कर दी। हालांकि, अभय ने गेम अपने नाम किया। तीसरे गेम में भी उन्होंने आसानी से जीत दर्ज की। इस जीत के साथ अभय सिंह एशियन गेम्स की मेंस सिंगल्स फाइनल में पहुंचने वाले सौरव घोषाल के बाद दूसरे इंडियन प्लेयर बन गए हैं।

0-2 से पिछड़ने के बाद अनाहत की वापसी
अनाहत सेमीफाइनल में 0-2 से पीछे चल रही थीं। इसके बाद उन्होंने कमबैक किया। भारतीय खिलाड़ी ने लगातार 3 गेम जीतकर मैच अपने नाम कर लिया। अनाहत ने मुकाबला 9-11, 11-13, 12-10, 11-6, 11-3 से जीता। इस जीत के साथ उन्होंने इस साल की शुरुआत में वातानाबे से मिली हार का बदला भी ले लिया।
मैच के दौरान अनाहत का सिर वातानाबे के कंधे से टकरा गया। इसके बाद उन्हें मेडिकल अटेंशन दी गई। इलाज के बाद अनाहत ने मैच दोबारा शुरू किया।
जोशना चिनप्पा को ब्रॉन्ज
मिक्स्ड डबल्स में जोशना चिनप्पा और वेलावन सेंथिलकुमार को ब्रॉन्ज मेडल से संतोष करना पड़ा। सेमीफाइनल में उन्हें हांगकांग की जोड़ी टैंग मिंग हांग और ली का यी ने 2-1 से हराया। यह जोशना का एशियन गेम्स में छठा मेडल है। 40 साल की जोशना इससे पहले 2 सिल्वर और 3 ब्रॉन्ज मेडल जीत चुकी हैं।

