अब इंडिया के लिए टी20 नहीं खेलना है: कोहली का स्टंप माइक चैट वायरल, मैच में बोले- अब तो हर शॉट लगेगा
Published:
2 min read

37 साल के कोहली IPL 2026 में अच्छे फॉर्म में हैं। उन्होंने अब तक 12 मैच में 484 रन बनाए। ( फोटो सोर्स- @IPL)
स्पोर्ट्स डेस्क. कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ मैच के दौरान विराट कोहली और मनीष पांडे के बीच हुई एक इंटरेस्टिंग स्टंप-माइक बातचीत वायरल हो गई है। विराट ने इसी मैच के दौरान बैटिंग करते समय कहा कि अब टीम इंडिया के लिए टी20 नहीं खेलना है। अब हर तरह के शॉट लगेंगे।
कोहली का यह बात स्टंप माइक में रिकॉर्ड हो गई, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। विराट का यह फनी स्टाइल फैन्स को काफी पसंद आ रहा है।
मनीष पांडे से बोले- अब हर शॉट लगेगा
विराट का यह कमेंट मजाकिया अंदाज में था। इसी दौरान उन्होंने एक शॉट की शैडो प्रैक्टिस भी करके दिखाई। कोहली ने कहा- अब इंडिया के लिए थोड़ी खेलना (T20I) है। अब तो हर शॉट लगेगा।
2008 से दोस्ती
विराट कोहली और मनीष पांडे की दोस्ती काफी पुरानी है। दोनों 2008 अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थे। कोहली उस टीम के कप्तान थे। इसके अलावा दोनों टीम इंडिया और RCB में भी साथ खेल चुके हैं।
2 मैच में डक पर आउट
मौजूदा IPL सीजन में कोहली पिछले 4 मैच से फिफ्टी नहीं लगा पाए थे। लगातार 2 मैच में डक पर आउट भी हुए थे। इसके बाद KKR के खिलाफ अच्छी वापसी की।कोहली ने 60 बॉल पर 105 रन की पारी खेली। उनकी पारी की मदद से RCB ने 193 रन का टारगेट 5 बॉल बाकी रहते हासिल कर लिया। इस जीत के साथ टीम पॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंच गई।

कोहली टेस्ट और T20I से संन्यास ले चुके
37 साल के कोहली IPL 2026 में अच्छे फॉर्म में हैं। उन्होंने अब तक 12 मैच में 484 रन बनाए। कोहली ने T20 वर्ल्ड कप 2024 जीतने के बाद T20I फॉर्मेट से रिटायरमेंट लिया। इसके बाद मई 2025 में टेस्ट क्रिकेट से भी संन्यास लिया। वे सिर्फ ODI खेल रहे हैं।

