सिर्फ टी20 खिलाड़ी बनकर मत रह जाना: एबी डिविलियर्स की वैभव सूर्यवंशी को सलाह, कहा- असली टैलेंट टेस्ट मैच में पता चलेगा
Published:
2 min read

वैभव सूर्यवंशी ने IPL में अब तक 18 मैच में 692 रन बनाए हैं। (फोटो सोर्स-@ipl)
स्पोर्ट्स डेस्क. वैभव सूर्यवंशी इन दिनों लगातार चर्चा में हैं। अंडर-19 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन और इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया व साउथ अफ्रीका में सेंचुरी लगाने के बाद उन्हें भारतीय क्रिकेट का अगला बड़ा स्टार माना जा रहा है। लेकिन दक्षिण अफ्रीका के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज एबी डिविलियर्स ने वैभव को लेकर बड़ा बयान दिया है। उनका कहना है कि असली पता टेस्ट क्रिकेट में चलेगा।
क्या बोले एबी डिविलियर्स?
एबी डिविलियर्स ने For the Love of Cricket पॉडकास्ट में कहा- अभी वैभव को लेकर ज्यादा जल्दी फैसला नहीं करना चाहिए। लड़के में टैलेंट तो बहुत है, लेकिन यह देखना जरूरी होगा कि वह टेस्ट क्रिकेट में कैसा खेलता है। मुझे नहीं पता कि वह लंबे समय तक चलेगा या नहीं। इस उम्र में जो वह कर रहा है, वह कमाल है। लेकिन मैं उसे दूसरे फॉर्मेट में भी देखना चाहता हूं। टेस्ट क्रिकेट में असली चुनौती पता चलती है।

डिविलियर्स ने मजाकिया अंदाज में आगे कहा- अगर कोई वैभव से कह दे कि तुम पूरी जिंदगी सिर्फ टी20 खेलो, तो वह बहुत सफल करियर बना सकता है। लेकिन अगर वह वनडे और खासकर टेस्ट क्रिकेट खेलेगा तो मेंटली स्ट्रांग होगा और एक नया चैलेज सामने आएगा।
वैभव सूर्यवंशी ने पिछले एक साल में जबरदस्त प्रदर्शन किया है। अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में 175 रन की मैच जिताऊ पारी खेलकर उन्होंने भारत को रिकॉर्ड छठा खिताब दिलाया। इसके अलावा इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका में भी उन्होंने शानदार शतक लगाए हैं। उनकी बल्लेबाजी को देखकर कई लोग उन्हें भारतीय क्रिकेट का अगला बड़ा सुपरस्टार मान रहे हैं। कुछ लोग तो मजाक में उन्हें AI से बना खिलाड़ी तक कह चुके हैं। वैभव ने बिना डरे दुनिया के बड़े गेंदबाजों जैसे जसप्रीत बुमराह, जोश हेजलवुड और पैट कमिंस के खिलाफ भी बल्लेबाजी की है। यही वजह है कि क्रिकेट फैंस को उनसे बहुत उम्मीदें हैं।

टेस्ट क्रिकेट खेलने की सलाह
डिविलियर्स ने आखिर में कहा- वैभव के पास हर चुनौती से लड़ने का टैलेंट है, लेकिन आगे का रास्ता आसान नहीं होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि वैभव अपने देश के लिए टेस्ट क्रिकेट जरूर खेले। मैं चाहता हूं कि वह टेस्ट क्रिकेट खेले और उस सफर को आगे बढ़ाए। तभी पता चलेगा कि वह कितना बड़ा खिलाड़ी बन सकता है।

