इमोशनल कोच टीम के लिए अच्छा नहीं: डिविलियर्स बोले- बतौर प्लेयर गौतम भावुक रहे, कोचिंग में यह मामला बिगड़ जाता है
Published:
3 min read

टीम इंडिया ने टेस्ट इतिहास में सिर्फ 3 ही बार घरेलू सीरीज में क्लीन स्वीप से हार झेली है। सबसे पहले फरवरी 2000 में साउथ अफ्रीका ने 2-0 से क्लीन स्वीप किया था।
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टीम अपने टेस्ट इतिहास के शायद सबसे खराब दौर से गुजर रही है। यह हाल गौतम गंभीर की कोचिंग में हुआ है। टीम को 13 महीने के अंदर अपने ही घर में 2 टेस्ट सीरीज में क्लीन स्वीप झेलनी पड़ी है।
गौतम की कोचिंग पर सवाल देश में उठ रहे हैं और विदेश में भी। साउथ अफ्रीका के ग्रेट बैटर एबी डिविलियर्स को फैन ABD के नाम से पुकारते हैं। एबी ने भी गौतम की कोचिंग पर राय जाहिर की है।
कोचिंग में भावुकता नहीं चलती
रविचंद्रन अश्विन के यूट्यूब चैनल पर एक इंटरव्यू के दौरान ABD ने कुछ अहम बातें और खासतौर पर गौतम गंभीर के बारे में कहीं। ABD ने कहा- एक लीडर के तौर पर तो मैं गौती को नहीं जानता, लेकिन बतौर प्लेयर वो बहुत भावुक यानी इमोशनल शख्स थे। अगर अब ड्रेसिंग रूम में भी वो उतने ही या पहले की तरह इमोशनल कैरेक्टर हैं तो शायद ये बात टीम के लिए सही नहीं है।

हर कोच का तरीका अलग
ABD ने आगे कहा- हर कोच का अपना अलग स्टाइल ऑफ कोचिंग होता है। कुछ टीम मेंबर्स किसी पूर्व खिलाड़ी की कोचिंग में कम्फर्टेबल होते हैं तो कुछ ऐसे कोच को पसंद करते हैं जो सिर्फ कोच हों और पूर्व खिलाड़ी न हों। मैं खुद गैरी कर्स्टन की कोचिंग में खेला हूं। वो एक्स क्रिकेटर थे और गौतम की तरह ही उनका भी नेचर इमोशनल था।

साल 2000 में पहली बार क्लीन स्वीप
टीम इंडिया ने टेस्ट इतिहास में सिर्फ 3 ही बार घरेलू सीरीज में क्लीन स्वीप से हार झेली है। सबसे पहले फरवरी 2000 में साउथ अफ्रीका ने 2-0 से क्लीन स्वीप किया था। यह टेस्ट में भारतीय टीम की अपने घर में पहली क्लीन स्वीप से हार थी।
इसके बाद अब गंभीर के कोच पद संभालते ही 13 महीने में दो बार क्लीन स्वीप झेलना पड़ा है। गुवाहाटी टेस्ट में साउथ अफ्रीका ने 408 रन से हराया था। यह टेस्ट क्रिकेट में रनों के लिहाज से भारतीय टीम की सबसे बड़़ी हार रही। यह आंकड़े बता रहे हैं कि भारतीय टेस्ट टीम अपने सबसे बुरे दौर से गुजर रही है।
भारतीय टेस्ट टीम घर में 3 बार क्लीन स्वीप से हारी
0-2 Vs साउथ अफ्रीका, फरवरी 2000
0-3 Vs न्यूजीलैंड, अक्टूबर 2024
0-2 vs साउथ अफ्रीका, नवंबर 2025

गंभीर की कोचिंग में 9 में से 5 टेस्ट हारे
गंभीर के पद संभालने के बाद से भारतीय टीम ने घर में 9 टेस्ट खेले, जिसमें से 5 हारे और 4 जीते हैं। इस दौरान टीम ने 4 बाइलेटरल टेस्ट सीरीज खेलीं, जिसमें से 2 में क्लीन स्वीप से हार झेलनी पड़ी। यह दोनों सीरीज न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका के खिलाफ रहीं। जबकि टीम इंडिया ने दो सीरीज बांग्लादेश और वेस्टइंडीज के खिलाफ जीती हैं।
गंभीर के कोच रहते टेस्ट रिकॉर्ड
टेस्ट: 19
हारे: 10
जीते: 7
ड्रॉ: 2

