कराची किंग्स के क्रिकेटर को यौन शोषण मामले में जेल: आरोन समर्स पर आरोप साबित, 10 महीने जेल में रहेंगे; BBL भी खेलते हैं
Published:
3 min read

आरोन समर्स ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज हैं, जिन्होंने बिग बैश लीग (BBL) में होबार्ट हरिकेंस टीम के लिए खेला है।
स्पोर्ट्स डेस्क. ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर आरोन समर्स को एक नाबालिग फैन के यौन शोषण मामले में 10 महीने जेल की सजा सुनाई गई है। समर्स उस समय हॉबार्ट हरिकेंस के लिए बिग बैश लीग (BBL) में खेल रहे थे, जब उनकी मुलाकात 15 साल की लड़की से हुई थी।
कोर्ट के मुताबिक- उन्होंने अपने क्रिकेटर होने की पहचान का फायदा उठाकर लड़की से संपर्क बढ़ाया और बाद में उसका शोषण किया।
2018 का मामला
आरोन की मुलाकात लड़की और उसके दोस्तों से दिसंबर 2017 में हॉबार्ट में एक क्रिकेट मैच के दौरान हुई थी। उस समय समर्स की उम्र 21 साल थी और वह हॉबार्ट हरिकेंस के लिए बिग बैश लीग में खेल रहे थे।
इसके बाद 15 जनवरी 2018 को एक और मैच के दौरान दोनों ने बाउंड्री के पास से बातचीत की। बाद में दोनों की इंस्टाग्राम और स्नैपचैट पर बातचीत शुरू हो गई।
अगले ही दिन समर्स लड़की से मिलने पहुंचे और रात में उसे एक स्कूल ले गए। कोर्ट में बताया गया कि वहां लड़की का यौन शोषण किया। जज हेलेन वुड ने कहा कि समर्स को पता था कि लड़की क्लास 9 या 10 में पढ़ती थी और उसकी उम्र यौन सहमति की कानूनी उम्र से कम थी।

क्रिकेटर की पहचान का उठाया फायदा
The North West Star की एक रिपोर्ट के मुताबिक- तस्मानिया सुप्रीम कोर्ट में सजा सुनाते हुए जस्टिस हेलेन वुड ने कहा- समर्स ने एक खिलाड़ी के तौर पर मिली अपनी पहचान और पहुंच का इस्तेमाल युवाओं के करीब जाने के लिए किया।
कोर्ट के मुताबिक- लड़की काफी कम उम्र की और भोली थी और उसे यह समझ नहीं था कि समर्स की असली मंशा क्या थी। घटना के बाद भी वह लगातार उसके संपर्क में रहे और उसे आपत्तिजनक तस्वीरें भेजते रहे। दोनों के बीच आखिरी संपर्क 2021 की शुरुआत में हुआ था।

दो मामलों में दोषी ठहराया गया
समर्स ने बाद में नाबालिग के यौन शोषण के दो मामलों और उसे गलत तस्वीरें भजने के इरादे से ग्रूमिंग करने के एक मामले में अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद तस्मानिया की अदालत ने उन्हें 10 महीने जेल की सजा सुनाई।
यह मामला यहीं खत्म नहीं हुआ। समर्स को नॉर्दर्न टेरिटरी से तस्मानिया लाया गया था, जहां वह पहले से ही इसी तरह के मामलों में जेल की सजा काट रहे थे।
पहले भी नाबालिगों से जुड़े मामलों में जेल जा चुके हैं
समर्स को 2021 में नॉर्दर्न टेरिटरी में बच्चों से जुड़ी आपत्तिजनक रखने और बांटने के मामले में दोषी ठहराया गया था। इसके अलावा, 16 साल से कम उम्र के व्यक्ति को यौन गतिविधि के लिए तैयार करने की कोशिश के मामले में भी उन्होंने अपना अपराध स्वीकार किया था। इन मामलों में उन्हें 3 साल 11 महीने जेल की सजा हुई थी।
कौन हैं आरोन समर्स?
आरोन समर्स ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर हैं, जिन्होंने अपने करियर के दौरान हॉबार्ट हरिकेंस के लिए बिग बैश लीग में खेला था। वह पाकिस्तान सुपर लीग की टीम कराची किंग्स से भी जुड़े रहे हैं।

