हमारे 9 प्लेयर पहली बार दुबई में टी20 खेलेंगे: सूर्या-पंड्या को यहां बैटिंग का अनुभव; गिल भी पहला मैच खेलेंगे
Published:
3 min read

सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पंड्या समेत एशिया कप के भारतीय स्क्वॉड में 6 खिलाड़ी ही ऐसे हैं, जिन्हें दुबई की पिच पर T20I मैच खेलने का अनुभव है। शुभमन गिल यहां पहली बार मैच खेलेंगे। (सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क। एशिया कप इस बार 9 से 28 सितंबर तक UAE में खेला जाएगा। इसमें भारतीय टीम और पाकिस्तान के बीच मुकाबला 14 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होगा। यहां गौर करने वाली बात ये है कि 15 सदस्यीय भारतीय स्क्वॉड में 6 ही ऐसे खिलाड़ी ही ऐसे हैं, जिन्हें दुबई की पिच पर T20I मैच खेलने का अनुभव है। शुभमन गिल समेत 9 प्लेयर यहां पहली बार कोई टी20 मैच खेलेंगे।
दरअसल, एशिया कप के लिए भारतीय टीम का ऐलान पहले ही हो गया है। टीम की कप्तानी सूर्यकुमार यादव ही संभालेंगे। गिल को उपकप्तान बनाया है। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और विकेटकीपर बैटर संजू सैमसन को भी टीम में जगह मिली है।
सूर्या ने इस मैदान पर बनाए 181 रन
इस टीम में शामिल 2 प्लेयर सूर्या और हार्दिक पंड्या ही ऐसे हैं, जिन्हें दुबई की पिच पर बैटिंग का अनुभव है। पंड्या तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर हैं। इनके अलावा अर्शदीप, बुमराह, वरुण और अक्षर पटेल को यहां खेलने का अनुभव है। हालांकि वरुण और अक्षर को यहां कोई विकेट नहीं मिल सका।
मौजूदा टीम इंडिया में सिर्फ सूर्या ही हैं, जो दुबई के मैदान पर 100 से ज्यादा रन बना सके हैं। उन्होंने 8 टी20 मैच में 181 रन बनाए हैं। पंड्या ने यहां 7 टी20 मैच में 84 रन बनाए और 4 विकेट लिए। ओवरऑल दुबई में सबसे ज्यादा 505 टी20 रन बनाने का रिकॉर्ड बाबर आजम के नाम है। वे इस बार एशिया कप से बाहर हैं।

कोहली इस मैदान पर भारतीय टॉप स्कोरर
भारतीयों में यह रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम है। उन्होंने दुबई के मैदान पर 344 रन बनाए हैं। उनके बाद केएल राहुल (257) और रोहित शर्मा (233) का नंबर है। रोहित-कोहली T20I से संन्यास ले चुके हैं। राहुल इस बार एशिया कप की टीम में नहीं हैं।
14 सितंबर को इंडिया Vs पाकिस्तान मैच
एशिया कप 9 से 28 सितंबर तक होगा। टीम इंडिया अपना पहला मैच 10 सितंबर को UAE के खिलाफ खेलेगी। दूसरा मुकाबला पाकिस्तान से 14 सितंबर को होगा। एशिया कप की मेजबानी भारत के पास थी, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ राजनीतिक तनाव के चलते टूर्नामेंट को UAE में शिफ्ट कर दिया गया।
एशिया कप 2025 के लिए भारतीय टीम
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, संजू सैमसन (विकेटकीपर), हर्षित राणा और रिंकू सिंह।

