फुटबॉल मैच में मारपीट, कुर्सियों से मारा: इतिहास में पहली बार 53 रेड कार्ड दिए, 2011 का वर्ल्ड रिकॉर्ड टूटा
Published: Updated:
3 min read

यह घटना रविवार (1 नवंबर) को Parque do Sabia स्टेडियम में हुई।
स्पोर्ट्स डेस्क. ब्राजील में अंडर-20 फुटबॉल मैच के दौरान मारपीट हुई। उबेरलैंडिया (Uberlandia) और मामोरे (Mamore) के बीच खेले गए सेमीफाइनल में इस झड़प के बाद 53 रेड कार्ड दिखाए जाने की खबर है। इनमें प्लेयर्स, कोचिंग स्टाफ और क्लब के ऑफिशियल शामिल थे।
यह घटना रविवार (1 नवंबर) को Parque do Sabia स्टेडियम में हुई। मैच के आखिरी समय में मामोरे ने अपना तीसरा गोल किया। इसके बाद टीम के खिलाड़ी डावी फर्नांडिस बिटेनकोर्ट (Davi Fernandes Bittencourt) ने विपक्षी टीम के डगआउट की तरफ कुछ इशारे किए। इस बात से उबेरलैंडिया के खिलाड़ी नाराज हो गए।
मैदान पर मुक्के और लातें चलने लगीं…
रिपोर्ट के मुताबिक, उबेरलैंडिया के गोलकीपिंग कोच मैदान में आ गए। उन्होंने मामोरे के खिलाड़ी को धक्का दे दिया। इसके बाद दोनों टीमों के खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ के बीच मारपीट शुरू हो गई। मैदान पर मुक्के और लातें चलने लगीं। हालात इतने बिगड़ गए कि रेफरी के लिए मामला संभालना मुश्किल हो गया।
एक मैच में 53 रेड कार्ड…
रेफरी की ऑफिशियल रिपोर्ट के मुताबिक, इस झड़प के बाद 48 और लोगों को रेड कार्ड दिया गया। इससे पहले मैच में 3 खिलाड़ियों को रेड कार्ड मिल चुके थे। इस तरह खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ को मिलाकर यह संख्या 51 हो गई।
इसके अलावा उबेरलैंडिया क्लब के 2 ऑफिशियल को भी रेड कार्ड दिया गया। इस तरह कुल रेड कार्ड की संख्या 53 हो गई।
2011 का रिकॉर्ड भी पीछे छूटा
इससे पहले एक फुटबॉल मैच में सबसे ज्यादा 36 रेड कार्ड दिखाए जाने का रिकॉर्ड था। यह घटना 2011 में अर्जेंटीना के क्लब एटलेटिको क्लेपोल (Atletico Claypole) और विक्टोरियानो एरेनास (Victoriano Arenas) के बीच खेले गए मैच में हुई थी।
ब्राजील के इस मैच में 53 रेड कार्ड दिए जाने की खबर ने उस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। हालांकि, गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स (Guinness World Records) की तरफ से इसकी ऑफिशियल पुष्टि अभी नहीं हुई है।
ये भी पढ़े : रोहित भाई के रनआउट ने गेम बदल दिया: कप्तान गिल हुए फील्डिंग के मुरीद, कहा- विराट भाई की बैटिंग ने मैच आसान कर दिया

