मंधाना Vs हरमन होगा WPL का ओपनिंग मैच: 2027 सीजन का शेड्यूल जारी, 5 टीम 25 दिन में 22 मैच खेलेंगी
Published: Updated:
2 min read

वुमन्स प्रीमियर लीग (WPL) में RCB की कप्तानी स्मृति मंधाना और MI की कप्तानी हरमनप्रीत कौर संभाल रही हैं। (फोटो- BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. वुमन्स प्रीमियर लीग (WPL) 2027 सीजन का शेड्यूल गुरुवार (5 नवंबर) को जारी कर दिया गया है। टूर्नामेंट इस बार 14 जनवरी से 7 फरवरी तक खेला जाएगा। ओपनिंग मैच डिफेंडिंग चैम्पियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और मुंबई इंडियंस (MI) के बीच खेला जाएगा। RCB की कप्तानी स्मृति मंधाना और MI की कप्तानी हरमनप्रीत कौर संभाल रही हैं।
मंधाना और हरमन के बीच कुछ समय से अनबन देखने को मिल रही है। यह दोनों भारतीय टीम में भी साथ खेलते हुए एकदूसरे से नजरें तक नहीं मिला रही हैं।

वडोदरा-मुंबई में होंगे मैच
वुमन्स प्रीमियर लीग में इस बार 5 टीम के बीच 25 दिन में फाइनल समेत टोटल 22 मैच खेले जाएंगे। टूर्नामेंट में शुरुआती 11 मैच वडोदरा में खेले जाएंगे। इसके बाद फाइनल समेत बाकी मुकाबले मुंबई CCI स्टेडियम में होंगे।
पॉइंट्स टेबल में टॉप पर रहने वाली टीम डायरेक्ट फाइनल खेलेगी। जबकि दूसरे और तीसरे नंबर की टीम के बीच एलिमिनेटर मैच होगा। यह मुकाबला 5 फरवरी को खेला जाएगा। जीतने वाली टीम 7 फरवरी को पॉइंट्स टेबल की टॉपर टीम से फाइनल खेलेगी। सभी मैच भारतीय समयानुसार शाम 7.30 बजे से खेले जाएंगे।
हरमन-मंधाना के बीच क्या मामला है
दरअसल, हरमनप्रीत ने हाल ही में तीनों फॉर्मेट (टेस्ट, ODI, T20I) में इंडियन वुमन्स क्रिकेट टीम की कप्तानी छोड़ी है। BCCI ने मंधाना को नया कप्तान बनाया है। इसी बीच मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि हरमन को मजबूरी में कप्तानी छोड़नी पड़ी। वे कुछ समय और कप्तान रहना चाहती थीं।
इसी वजह से हरमन बोर्ड और मंधाना से नाराज दिख रही हैं। भारतीय महिला टीम के ड्रेसिंग रूम का माहौल भी अच्छा नहीं है। मंधाना और हरमन एकदूसरे से नजरें नहीं मिला रही हैं। इसके चलते ड्रेसिंग रूम का माहौल असहज सा हो गया है।

ये भी पढ़ें: भारतीय टीम 5 विकेट से जीती: कोहली के 74 रन, अर्शदीप को 4 विकेट; पांच ODI की सीरीज में इंडिया 1-0 से आगे

