इंडिया-इंग्लैंड सीरीज को 17 करोड़ फैन्स ने देखा: डिजिटल प्लेटफॉर्म पर बना रिकॉर्ड, 1.3 करोड़ लोगों ने देखा ओवल टेस्ट के आखिरी दिन का खेल
Published:
2 min read

हाल ही में भारतीय टीम और इंग्लैंड के बीच एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी 2025 के तहत 5 टेस्ट की सीरीज खेली गई। यह 2-2 से ड्रॉ रही। इस सीरीज में डिजिटल प्लेटफॉर्म जियोस्टार पर एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड बन गया है। ये डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सबसे ज्यादा देखी जाने वाली टेस्ट सीरीज बन गई है। इसे 170 मिलियन (17 करोड़) से ज्यादा व्यूवर्स ने देखा।
सीरीज का आखिरी टेस्ट ओवल में 31 जुलाई से खेला गया था। मैच में आखिरी दिन (4 अगस्त) का खेल काफी रोमांचक रहा। इस दिन का खेल 13 मिलियन से ज्यादा व्यूवर्स ने देखा।
रोमांचक रहा ओवल टेस्ट का आखिरी दिन
ओवल टेस्ट के आखिरी दिन इंग्लैंड को जीत के लिए 35 रन चाहिए थे और उसके 4 विकेट बाकी थे। आखिरी विकेट के तौर पर क्रिस वोक्स टूटे कंधे के साथ बैटिंग करने उतरे थे, लेकिन टीम को जिता नहीं सके। आखिरी दिन मोहम्मद सिराज ने 3 और प्रसिद्ध कृष्णा ने 1 विकेट लेकर रोमांचक मैच में भारतीय टीम को 6 रन से जिताया था।
पूरी सीरीज में वॉच टाइम 65 बिलियन मिनट्स का रहा। यह ICC वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप (WTC) 2025-27 सीजन में इंडिया-इंग्लैंड दोनों की पहली सीरीज रही। साथ ही शुभमन गिल की बतौर कप्तान भी पहली टेस्ट सीरीज थी।
सीरीज का चौथा टेस्ट भी काफी रोमांचक रहा था। यह मुकाबला ड्रॉ रहा था। आखिरी दिन रवींद्र जडेजा (107) और वॉशिंगटन सुंदर (101) ने नाबाद शतकीय पारी खेली थी।
इंडिया-इंग्लैंड टेस्ट सीरीज 2-2 से ड्रॉ
शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम ने हाल ही में इंग्लैंड दौरे किया था। यहां दोनों टीमों के बीच 5 टेस्ट की सीरीज 2-2 से ड्रॉ रही। पहला और तीसरा टेस्ट मेजबान टीम ने जीता था।
दूसरे टेस्ट में टीम इंडिया को सफलता मिली थी। जबकि चौथा टेस्ट ड्रॉ पर खत्म हुआ था। आखिरी मुकाबला ओवल में हुआ था, जिसमें टीम इंडिया ने 6 रन से जीतकर सीरीज बराबर की।

