एक ओवर में 40 रन, आखिरी 12 बॉल में 11 छक्के: KCL में छाए सलमान निजार, 26 गेंदों में बना डाले 86 रन
Published:
2 min read

सलमान निजार ने आखिरी दो ओवरों में 11 छक्के लगाए।
स्पोर्ट्स डेस्क. केरल क्रिकेट लीग (KCL) 2025 में 'कालीकट ग्लोबस्टार्स' के सलमान निजार ने तूफानी बल्लेबाजी से सभी को हैरान कर दिया। 28 साल के सलमान ने सिर्फ 26 गेंदों पर 86 रन बनाए, जिसमें 12 छक्के शामिल थे। खास बात ये थी कि उन्होंने अंतिम दो ओवरों में 71 रन बटोरे, जिनमें से 40 रन तो 20वें ओवर में आए। इस पारी की बदौलत उन्होंने अपनी टीम को 13 रनों से जीत दिला दी।
आखिरी ओवर में 40 रन मारे
सलमान निजार ने आखिरी ओवर में कुल 6 छक्के जड़े, और इस ओवर में कुल 40 रन बनाए। गेंदबाज अभिजीत प्रवीण ने आखिरी ओवर में एक वाइड और एक नो बॉल फेंकी। सलमान ने शुरुआती 13 गेंदों में सिर्फ 17 रन बनाए, लेकिन आखिरी 13 गेंदों में 69 रन ठोक डाले।
2025 IPL में CSK का ट्रायल दिया था
सलमान का नाम अब तक IPL में नहीं आया है, लेकिन 2025 सीजन के दौरान उन्हें चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) द्वारा ट्रायल के लिए बुलाया गया था। सलमान के अलावा उर्विल पटेल और अमन खान को CSK ने मिड-सीजन में ट्रायल के लिए बुलाया था। हालांकि, CSK ने उर्विल पटेल को अपनी टीम में शामिल किया और सलमान को मौका नहीं मिला।
115 से 186 तक पहुंचाया स्कोर
कालीकट ग्लोबस्टार्स 18 ओवर में 6 विकेट पर 115 के स्कोर पर थी। लेकिन सलमान ने दो ओवरों में 71 रन बटोरे और टीम को 186 के स्कोर पर पहुंचाया। जवाब में उतरी अडानी त्रिवेंद्रम रॉयल्स 173 रन बना सकी और 13 रन से मैच हार गई।

