देवर के प्यार में पति की हत्या: खाने में नींद की 15 टेबलेट दीं, बेहोश होने पर करंट लगाकर मर्डर; इंस्टाग्राम चैट से खुलासा
Published:
3 min read

मृतक करण देव, पत्नी सुष्मिता और प्रेमी राहुल (फाइल फोटो)
दिल्ली से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने पति की करंट लगाकर हत्या कर दी। महिला का पति के चचेरे भाई से अफेयर था। पुलिस शुरुआत में इसे करंट लगने से मौत का मामला मान रही थी। लेकिन जब महिला और देवर के बीच इंस्टाग्राम पर की गई चैट सामने आई तो हर कोई हैरान रह गया।
दरअसल, दिल्ली के द्वारका के रहने वाले करण देव (36 साल) को 13 जुलाई को करंट लगने के बाद जनकपुरी के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था। करण की पत्नी सुष्मिता ने दावा किया था कि उनके पति को घर पर करंट लगा है। करण के परिजनों ने भी सामान्य मौत मानते हुए पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। लेकिन पुलिस ने शव की स्थिति को देखते हुए पोस्टमार्टम कराने का फैसला किया। पत्नी सुष्मिता और चचेरे भाई राहुल ने पोस्टमार्टम करने का विरोध किया। लेकिन पुलिस नहीं मानी।
चैट से मर्डर के प्लान का खुलासा
दिल्ली पुलिस ने जब इस मामले में जांच शुरू की तो सुष्मिता और करण के चचेरे भाई राहुल की इंस्टाग्राम चैट मिली। ये चैट करण के छोटे भाई कुनाल ने दी। इस चैट से करण की मौत का पूरा प्लान सामने आ गया। चैट से खुलासा हुआ कि राहुल और सुष्मिता का अफेयर था। इसी के चलते दोनों ने राहुल को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया।
सुष्मिता ने करण को नींद की 15 गोलियां खाने में मिलाकर दीं। इससे करण बेहोश हो गया। इसके बाद सुष्मिता ने करण को करंट लगा दिया। इससे उसकी मौत हो गई। दोनों की चैट से यह भी खुलासा हुआ कि पत्नी ने गूगल पर सर्च किया था कि नींद की गोलियां खाने के कितनी देर बाद मौत होती है।
पति की हत्या के वक्त भी चैट कर रही थी सुष्मिता
सुष्मिता लगातार राहुल से चैट कर रही थी। उसने राहुल को बताया कि करण बेहोश हो गया लेकिन अभी उसकी सांसें चल रही हैं। राहुल ने सुष्मिता से कहा कि उसके पास जितनी गोलियां हैं, वह सब खिला दे। इस पर सुष्मिता ने बताया कि उससे करण का मुंह नहीं खुल रहा है।
राहुल ने सुष्मिता से कहा कि वह करण को करंट लगा दे। इस पर सुष्मिता ने पूछा कि करण को वह बांधेगी कैसे? राहुल ने कहा- टैप से। सुष्मिता ने बेहोशी की हालत में करंट लगाकर करण की हत्या कर दी। इसके बाद वह करण के माता-पिता के घर पहुंची, जो पास में ही रहते थे, उन्हें कऱण के करंट लगने की जानकारी दी। सभी मिलकर करण को अस्पताल ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया।
सुष्मिता ने कबूला गुनाह
पुलिस के मुताबिक, मामला दर्ज कर लिया गया है। सुष्मिता और उसके प्रेमी राहुल को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ के दौरान सुष्मिता ने गुनाह कबूल कर लिया।

