घर में पति की कब्र तैयार कर रही थी पत्नी!: मजदूरों के शक से साजिश का पर्दाफाश, जांच में क्या-क्या पता चला
Published:
3 min read

तस्वीर सांकेतिक है और AI से जनरेट की गई है।
नेशनल डेस्क। महाराष्ट्र के पुणे जिले के बारामती से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। दावा है कि एक महिला अपने पति को जिंदा दफनाने के लिए घर में ही ईंट-सीमेंट से एक चबूतरा बनवा रही थी। चबूतरा बनाने वाले मजदूरों को जब घर के हाल देखकर कुछ गड़बड़ लगी, तब जाकर पूरी साजिश का पर्दाफाश हुआ।
मामला बारामती के जामदार रोड स्थित इंद्रप्रस्थ सोसाइटी के एक फ्लैट का है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी महिला के खिलाफ FIR भी दर्ज की है। महिला की उम्र 38 साल है और नाम शर्मिला है। उसके पति का नाम प्रवीण जगताप है। प्रवीण की उम्र 41 साल है।
पहले दवा दी, फिर क्रिकेट बैट से पीटने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, घटना 30 जुलाई की रात से 1 अगस्त की सुबह के बीच की है। आरोप है कि शर्मिला ने अपने पति को ऐसी दवा दी, जिससे वह बेहोशी जैसी हालत में पहुंच गया। इसके बाद उसने प्रवीण को क्रिकेट बैट से पीटा।
जांच में पुलिस को फ्लैट की गैलरी में एक अजीब तरह का कंस्ट्रक्शन मिला। यह जगह ईंट और सीमेंट से बनाई जा रही थी और देखने में किसी कब्र या दफन करने वाली जगह जैसी लग रही थी।
यह भी पढ़ें... एक्स-लवर के पति को ड्रग केस में फंसाने की साजिश: कानपुर से भेजा 'पोल्ट्री फीड' का पार्सल, अंदर कोकीन-चरस; ऐसे खुला पूरा गेम
मजदूरों ने पुलिस को फोन किया
इस पूरे मामले का खुलासा उस वक्त हुआ, जब फ्लैट में काम कर रहे मजदूरों को कुछ गड़बड़ लगी। उन्हें घर में इस तरह की जगह बनाए जाने और वहां हो रही गतिविधियों पर शक हुआ।
मजदूरों ने फौरन पुलिस को इसकी जानकारी दी। इसके बाद पुलिस टीम फ्लैट पर पहुंची और प्रवीण को वहां से बाहर निकाला। पुलिस ने प्रवीण को बेहोशी की हालत में पाया। उसे इलाज के लिए बारामती के गिरिराज अस्पताल पहुंचाया गया।
यह भी पढ़ें... हनी ट्रैप में फंसा IAF विंग कमांडर गिरफ्तार: PAK हैंडलर्स को खुफिया दस्तावेज शेयर किए! साथी अफसर के मोबाइल से डेटा चुराने का भी आरोप
पत्नी गिरफ्तार, हत्या की कोशिश का केस
पुलिस ने शर्मिला जगताप को गिरफ्तार कर लिया है। बारामती सिटी पुलिस स्टेशन में उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) और 118(1) के तहत FIR दर्ज की गई है।
इनमें हत्या की कोशिश और खतरनाक हथियार या तरीके से चोट पहुंचाने से जुड़े आरोप शामिल हैं। पुलिस अब मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ कर रही है। मजदूरों के बयान भी लिए जा रहे हैं। पुलिस फ्लैट से मिले सबूतों की भी जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें... केमसेक्स से यंग जेनरेशन को HIV का खतरा : सरकार ने वॉर्निंग क्यों दी; क्या है ये और क्यों जानलेवा- Gen-Z को क्या समझना चाहिए- सब जानिए

