हॉस्पिटल कब बनेगा?: महिला पत्रकार के सवाल पर विधायक का जवाब- तुम्हारी डिलीवरी कहीं और करा देंगे
Published:
2 min read

कांग्रेस नेता आर.वी. देशपांडे।(फोटो-PTI)
कर्नाटक के सीनियर कांग्रेस नेता और विधायक आर. वी. देशपांडे अपने बयान की वजह से विवादों में आ गए हैं। देशपांडे ने ये बयान प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान महिला पत्रकार के सवाल पर दिया। महिला पत्रकार ने प्रेग्नेंट महिलाओं से जुड़ी समस्याओं को उठाते हुए पूछा था कि जोइदा तालुका में हॉस्पिटल कब बनेगा?
इस पर विधायक ने जवाब दिया- जब तुम्हारा नंबर आएगा (महिला पत्रकार के गर्भवती होने का समय होगा) तब और कहीं करा देंगे। इस कमेंट के बाद विधायक मीडिया और विपक्ष के निशाने पर आए। बीजेपी ने इसे शर्मनाक बताते हुए विधायक से सार्वजनिक तौर पर माफी मांगने के लिए कहा है।
बीजेपी ने टिप्पणी को बताया शर्मनाक
बीजेपी के प्रवक्ता शहजाद पूनेवाला ने विधायक देशपांडे के बयान की आलोचना करते हुए एक्स पर लिखा- प्रधानमंत्री मोदी की मां को गाली देने के बाद, अब कर्नाटक कांग्रेस के नेता आर.वी. देशपांडे का चौंकाने वाला बयान। पत्रकार ने सवाल किया कि उत्तर कन्नड़ क्षेत्र को कब एक अच्छा अस्पताल मिलेगा? इसके जवाब में कांग्रेस नेता आर.वी. देशपांडे ने कहा कि जब आप बच्चे को जन्म देंगी। एक महिला पत्रकार को इस तरह जवाब दे रहे हैं?"
'इस तरह के कमेंट पत्रकारों को नीचा दिखाते हैं'
मीडिया राइट्स ग्रुप ने कहा- एक विधायक के तौर पर ऐसी टिप्पणी बेहद अपमानजनक है। इस तरह की टिप्पणी पत्रकारों को नीचा दिखाती है। जनता के द्वारा चुने गए नेता को इस तरह की भाषा का उपयोग नहीं करना चाहिए। इस तरह का व्यवहार महिलाओं को चिंता में डालता है। विधायक पर निशाना साधते हुए जनता दल सेक्युलर ने कहा- यह महिलाओं की गरिमा का अपमान हैं।
विधायक को तुरंत माफी मांगनी चाहिए- JDS
JDS ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स(X) पर लिखा- यह कैसी निंदनीय मानसिकता है? एक पत्रकार ने जिले के लिए हॉस्पिटल मांगा तो आप अपमान जनक जवाब देते हो। क्या यही आपका महिलाओं के प्रति सम्मान है। विधायक होने के नाते आपका समाज के प्रति दायित्व है। आपको महिला पत्रकार से तुरंत माफी मांगनी चाहिए।
'इस तरह का व्यवहार महिलाओं का अपमान'
वूमेन राइट्स ग्रुप ने भी इसे महिलाओं का अपमान बताया। इस ग्रुप के एक सदस्य ने कहा कि क्या एक पुरुष पत्रकार के साथ ऐसा व्यवहार किया जाता? इस तरह का लैंगिक भेदभाव से महिलाएं हर दिन सामना करती है। विधायक का इस तरह का व्यवहार अपमान जनक है।

