ED की रेड के बीच दीवार फांदकर भागा TMC MLA: मोबाइल झाड़ियों में फेंका; टीम ने खेतों में भागकर विधायक को गिरफ्तार किया
Published:
2 min read

शिक्षक भर्ती परीक्षा की जांच कर रही ED जब TMC विधायक जीवन कृष्णा के घर पहुंची तो वे दीवार फांदकर भागने लगे।
TMC विधायक जीवन कृष्णा साहा को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गिरफ्तार किया है। पश्चिम बंगाल में शिक्षक भर्ती परीक्षा की जांच कर रही ED की टीम जब कृष्णा साहा के बुरवान स्थित घर पहुंची तो वे दीवार फांदकर भागने लगे और उन्होंने अपना फोन भी झाड़ियों में फेंक दिया। इसके बाद ईडी की टीम ने खेतों में साहा का पीछा किया और उन्हें गिरफ्तार किया।
मोबाइल को झाड़ियों में फेंका
विधायक ने सबूत नष्ट करने की कोशिश की। भागने के दौरान विधायक ने मोबाइल फोन को झाड़ियों में फेक दिया। हालांकि ED ने मोबाइल बरामद कर लिया है। सोमवार को शिक्षक भर्ती घोटाले के सिलसिले में पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के बुरवान में उनके घर पर छापेमारी की। ED अधिकारियों के मुताबिक, यह सर्च ऑपरेशन नया सुराग मिलने के बाद चलाया जा रहा है।
2023 में CBI ने तृणमूल विधायक के घर पर छापामार कार्रवाई की थी। तब साहा ने 2 मोबाइल फोन को तालाब में फेंक दिए थे। सोमवार को ED ने SSC रिक्रूटमेंट केस में पूरे राज्य में सर्च ऑपरेशन चलाया। कोलकाता समेत कई जिलों में सुबह से कार्रवाई जारी है।
एजेंट के जरिए साहा तक पहुंची थी CBI
CBI को TMC से निकाले गए कुंतल घोष से पूछताछ में कौशिक घोष नाम के एक एजेंट के बारे में जानकारी मिली थी। कौशिक मुर्शिदाबाद जिले में ऐसे लोगों को ढूंढता था जो सरकारी टीचर बनना चाहते हैं और बड़ी रकम भी दे सकें। कौशिक ने ही जीवन साहा का नाम लिया था। इसके बाद एजेंसी ने उनके घर भी छापा मार दिया।
सर्चिंग के दौरान मोबाइल फोन तालाब में फेंके
CBI ने 17 अप्रैल 2023 में SSC रिक्रूटमेंट केस में साहा को गिरफ्तार किया था। इससे पहले विधायक के घर पर सर्चिंग हुई थी। इस दौरान विधायक जीवन कृष्णा ने अपने दो मोबाइल तालाब में फेंक दिए थे। काफी खोजबीन के बाद तालाब को खाली किया गया इसके बाद मोबाइल फोन बरामद हुए थे। 13 महीने बाद सुप्रीम कोर्ट से विधायक को जमानत मिली थी।

