बंगाल विधानसभा में हाई वोल्टेज हंगामा: BJP और TMC विधायक भिड़े; भाजपा व्हिप चीफ को एंबुलेंस से ले जाया गया हॉस्पिटल
Published:
2 min read

विधानसभा में हंगामे के दौरान चौटिल हुए भाजपा विधायक शंकर घोष को बाहर ले जाते हुए सुवेंदु अधिकारी।
पश्चिम बंगाल विधानसभा में गुरुवार को जमकर हंगामा हुआ। सत्ताधारी TMC और बीजेपी के विधायक आपस में भिड़ गए। हंगामे के दौरान बीजेपी विधायक और व्हिप चीफ शंकर घोष को चोट लगी। उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया।
दरअसल, बंगाल विधानसभा में गुरुवार को बीजेपी शासित राज्यों में बंगाली मजदूरों पर कथित अत्याचार को लेकर प्रस्ताव लाया गया था। जैसे ही मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बोलना शुरू किया तो बीजेपी विधायक विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी को विधानसभा से निलंबित करने के विरोध में नारेबाजी शुरू कर दी। बीजेपी विधायकों ने जय श्री राम के नारे लगाए। इसके बाद स्पीकर ने शंकर घोष को पूरे दिन की कार्यवाही से निलंबित कर दिया। उन्होंने जब बाहर जाने से इनकार कर दिया तो उन्हें मार्शलों ने उठाकर बाहर कर दिया।
ममता बोलीं- बीजेपी डकैत पार्टी
ममता बनर्जी ने बीजेपी विधायकों की नारेबाजी के बीच कहा, बीजेपी सबसे भ्रष्ट पार्टी है। वह वोट चोरों की पार्टी है। सबसे बड़ी डकैत पार्टी है। हमने देखा संसद में हमारे सांसदों को CISF का इस्तेमाल कर परेशान किया गया। उन्होंने कहा- बांग्ला विरोधी बीजेपी हटाओ, देश बचाओ।
बीजेपी विधायकों का हंगामा देख ममता और भड़क गईं, उन्होंने कहा, मेरी बात लिख लो, एक दिन आएगा, जब यहां विधानसभा में एक भी विधायक नहीं बैठा होगा। लोग इन्हें बाहर कर देंगे। मोदी-अमित शाह के नेतृत्व वाली सरकार जल्द गिर जाएगी।
लोकतंत्र का मर्डर कर रहीं ममता बनर्जी
उधर, विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, ममता बनर्जी लोकतंत्र की हत्या कर रही हैं। इसके बाद वे बंगाल विधानसभा पहुंचे और कहा- टीएमसी के पूरे कैडर गुंडा हैं। उन्होंने शंकर घोष पर हमला किया। ममता के उकसाने पर ये सब किया गया। बंगाल की सबसे बड़ी चोर ममता बनर्जी हैं।

