बेटी के जन्म के 6 दिन बाद काम पर लौटीं कलेक्टर: कैंप ऑफिस से फाइलें निपटाईं, बोलीं- ठीक हो तो मैटरनिटी लीव लेना जरूरी नहीं
Published:
3 min read

तस्वीर में वायनाड कलेक्टर मेघाश्री डीआर अपनी तीनों बेटियों, पति और मां के साथ नजर आ रही हैं। (फोटो सोर्स: Meghashree D R_Insta )
नेशनल डेस्क। केरल के वायनाड की जिला कलेक्टर मेघाश्री डीआर इन दिनों चर्चा में हैं। वहज है- बेटी को जन्म देने के 6 दिन बाद ही वह ऑफिस लौट आईं। 25 अगस्त को उन्होंने अपनी तीसरी बेटी को जन्म दिया और 1 सितंबर से उन्होंने कैंप ऑफिस से जिला कलेक्टर की जिम्मेदारियां फिर संभाल लीं।
ऑफिस से सीधे अस्पताल पहुंची थीं
मेघाश्री ने 24 अगस्त को रोज की तरह अपने ऑफिस के काम पूरे किए। इसके बाद वह घर जाने के बजाय अस्पताल पहुंचीं। अगले दिन उन्होंने बेटी को जन्म दिया। डिलीवरी के बाद उन्होंने पांच दिन आराम किया और छठे दिन काम में फिर से जुट गई।
जरूरी काम निपटाने के बाद अब वह दो महीने की मैटरनिटी लीव पर जाएंगी। इससे पहले उन्होंने कलेक्टर का चार्ज चेल्सासिनी वी. को सौंप दिया।
‘मैटरनिटी लीव लेना जरूरी नहीं’
मेघाश्री को उनकी डिलीवरी के कुछ ही दिन बाद काम पर लौटने के लिए सोशल मीडिया पर काफी तारीफें मिल रही है। हालांकि वह खुद इसे कोई बड़ी बात नहीं मानतीं।
उन्होंने इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में कहा कि डिलीवरी के बाद काम जारी रखने का फैसला उनका खुद का फैसला था। उनके मुताबिक, मैटरनिटी लीव लेना जरूरी नहीं है। यह फैसला महिला की सेहत और उसकी परिस्थितियों पर निर्भर करता है।

‘कई फाइलों पर कलेक्टर की मंजूरी जरूरी थी’
मेघाश्री ने बताया कि कई ऐसी फाइलें थीं, जिन पर जिला कलेक्टर की मंजूरी जरूरी थी। इसी वजह से उन्होंने कैंप ऑफिस से ही काम संभालना शुरू किया।
इस दौरान भी उनका लोगों से जुड़ना जारी रहा। हाल ही में उन्होंने अपने ‘गुड मॉर्निंग कलेक्टर’ प्रोग्राम के तहत कॉलेज स्टूडेंट्स से ऑनलाइन बातचीत भी की। यह कार्यक्रम वह पहले भी रेगुलर करती रही हैं।
सोशल मीडिया पर भी रहती हैं एक्टिव
मेघाश्री सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव हैं। अपने इंस्टाग्राम प्रोफाइल पर वह खुद को IAS अफसर, पत्नी, मां और ऐसी बेटी के तौर पर बताती हैं, जो जिंदगी की छोटी-छोटी खुशियों में खुशी तलाशती है।
5 सितंबर को उन्होंने एक वीडियो शेयर किया था। इसमें वह फील्ड में काम करती और कुछ सवालों के जवाब देती नजर आईं।
यह भी पढ़ें...

