प्रेग्नेंट महिला से इलाज के दौरान बदसलूकी: डिलीवरी के बीच थप्पड़ मारा, पेट जोर से दबाया; पैदा होते ही बच्चे ने दम तोड़ा
Published:
2 min read

घटना महाराष्ट्र की है। फोटो- सिंबोलिक।
महाराष्ट्र के वाशिम जिले में डिलीवरी के वक्त एक महिला के इलाज में लापरवाही की खबर सामने आई है। पहले तो मेडिकल स्टाफ ने ट्रीटमेंट में लापरवाही बरती। फिर डिलीवरी के वक्त महिला को थप्पड़ तक जड़ दिया। इतना ही नहीं, वहां अनट्रेन्ड स्टाफ को काम पर लगा दिया।
नतीजा यह हुआ कि पैदा होते ही बच्चे ने दम तोड़ दिया। महिला के घर वालों ने मेडिकल स्टाफ पर कार्रवाई की मांग की है।
दर्द के बावजूद स्टाफ ने ध्यान नहीं दिया
न्यूज 18 की रिपोर्ट के मुताबिक, परिजनों का आरोप है कि महिला को तेज दर्द होने के बावजूद डॉक्टरों और नर्सों ने घंटों तक उस पर ध्यान नहीं दिया। महिला को 2 अगस्त तड़के 3 बजे वाशिम के एक सरकारी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था।
डॉक्टर्स ने कहा कि रिपोर्ट सब नॉर्मल है, सुबह 10 बजे डिलीवरी हो जाएगी। लेकिन, शाम 5 बजे तक बार-बार बुलाने के बाद भी कोई भी स्टाफ उसे देखने नहीं आया। जब हालत काफी बिगड़ गई, तब जाकर उसे देखा गया।
प्रसव के दौरान थप्पड़, पेट जोर से दबाया
परिजनों के मुताबिक, प्रसव के दौरान महिला को थप्पड़ भी मारा गया। साथ ही, पेट को जोर से दबाया गया। इतना ही नहीं, डिलीवरी के लिए अनट्रेंड स्टाफ को लगा दिया गया था। इतनी लापरवाही के बाद जब बच्चा पैदा हुआ तो उसकी धड़कन नहीं चल रही थी। डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया। अब महिला के परिजनों ने हॉस्पिटल और मेडिकल स्टाफ पर कार्रवाई की मांग की है।

