तेलंगाना पुलिस की पेट्रोलिंग बाइक से Rapido राइड: SI ने राइडर को दी बाइक; वारंगल का VIDEO वायरल
Published:
2 min read

इस बाइक का इस्तेमाल पुलिस इमरजेंसी में गश्त करने और क्राइम सीन वाली जगहों पर तेजी से पहुंचने के लिए करती है। (वायरल वीडियो से लिया गया-स्क्रीनशॉट )
नेशनल डेस्क. तेलंगाना के वारंगल में पुलिस पेट्रोलिंग बाइक का कथित तौर पर कमर्शियल रैपिडो बाइक-टैक्सी सर्विस के लिए इस्तेमाल किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह घटना तब सामने आई जब एक रैपिडो पैसेंजर ने अंबेडकर जक्शन से सुबेदारी तक राइड बुक की। उसने देखा कि, राइडर एनुमामूला पुलिस स्टेशन से जुड़ी बाइक (रजिस्ट्रेशन नंबर TS 09 PC 2795) से आया।
जब पैसेंजर ने राइडर से पुलिस की गाड़ी के इस्तेमाल पर पूछा तो उसने दावा किया कि बाइक उसे पुलिस कॉन्स्टेबल दोस्त ने दी थी। पैसेंजर ने राइडर की बातचीत को रिकॉर्ड कर लिया। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। जिससे सरकारी रिसोर्स के कथित दुरुपयोग पर सवाल उठने लगे।
पेट्रोलिंग वाली बाइक थी
बताया जा रहा है कि यह बाइक उन 'ब्लू कोल्ट' बाइक में से एक है, जिनका इस्तेमाल पुलिस इमरजेंसी में गश्त करने और क्राइम सीन वाली जगहों पर तेजी से पहुंचने के लिए करती है। और इसका इस्तेमाल कमर्शियल सर्विस के लिए नहीं किया जा सकता।
बाइक का इस्तेमाल SI शंकर कर रहे थे
एनमामुला सर्कल इंस्पेक्टर जे सुरेश ने कहा- बाइक पुलिस स्टेशन की थी और इसका इस्तेमाल SI शंकर कर रहे थे, जबकि गुव्वा सिद्धार्थ कथित तौर पर इसे रैपिडो सर्विस के लिए इस्तेमाल कर रहे थे। CI ने बताया कि सब-इंस्पेक्टर पर कार्रवाई के लिए वारंगल पुलिस कमिश्नर को रिपोर्ट भेज दी गई है।

