दुख है कि कोर्ट ने उसे दोषी नहीं माना: बृजभूषण के बरी होने पर विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया का रिएक्शन, बोले- फैसले के खिलाफ अपील करेंगे
Published:
3 min read

तस्वीर मई 2023 की है। बजरंग पूनिया, विनेश फोगाट समेत कई पहलवानों ने बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ FIR दर्ज कराने के लिए जंतर-मंतर पर धरना दिया था।
नेशनल डेस्क। पूर्व भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के अध्यक्ष और BJP सांसद रहे बृजभूषण शरण सिंह को महिला पहलवानों के यौन उत्पीड़न मामले में बरी किए जाने पर विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया का रिएक्शन आया है। दोनों ने कहा है कि उन्हें दुख है कि कोर्ट ने बृजभूषण को दोषी नहीं माना। पहलवानों ने यह भी कहा कि इस फैसले के खिलाफ हाई कोर्ट में अपील करेंगे।
बजरंग पूनिया, साक्षी मलिक और विनेश फोगाट जैसे ओलंपियन ने ही 3 साल पहले इस मामले को उठाया था। इन तीनों समेत कई महिला और पुरुष पहलवाल बृजभूषण के खिलाफ FIR दर्ज करवाने के लिए कई दिनों तक जंतर-मंतर पर धरना देते रहे थे।
अब सोमवार (3 अगस्त) को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने बृजभूषण शरण सिंह और विनोद तोमर को महिला पहलवानों द्वारा लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोपों से जुड़े मामले में बरी कर दिया है।
'ताकतवर नेता के खिलाफ FIR दर्ज कराना आसान नहीं था'
विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर साझा बयान में कहा- हमें सड़क पर उतरने और सत्ताधारी पार्टी के एक बाहुबली नेता के खिलाफ FIR दर्ज करवाने के लिए बहुत हिम्मत जुटानी पड़ी थी। सत्ता और अपने बाहुबल के दम पर बृजभूषण ने कई लड़कियों को डराकर उनके नाम वापस करवाए हैं। पर कई महिला पहलवान खड़ी रहीं और कोर्ट में बृजभूषण के खिलाफ लड़ाई लड़ती रहीं।
पहलवानों ने लिखा- शुरुआत से ही सरकार के साथ-साथ पूरा सिस्टम बृजभूषण को बचाने के लिए लगा हुआ था। हमें इस बात का बहुत दुख है कि कोर्ट ने भी बृजभूषण शरण सिंह को दोषी नहीं माना।
पोस्ट में आगे लिखा गया कि महिला पहलवानों ने अपने वकीलों को इस फैसले के खिलाफ अपील करने का निर्देश दे दिया है और यह जल्द से जल्द की जाएगी। हमने उम्मीद नहीं छोड़ी है और पहलवान अपनी लड़ाई जारी रखेंगे।

एक तरफ महिला रिजर्वेशन की बात, दूसरी तरफ ये: प्रियंका गांधी
बृजभूषण सिंह के बरी होने पर कांग्रेस महासचिव और वायनाड सांसद प्रियंका गांधी का भी रिएक्शन आया। संसद परिसर में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि एक तरफ ये लोग कहते हैं कि हम यंग जनरेशन के साथ है, महिला सशक्तिकरण की बातें करते हैं, महिला रिजर्वेशन की बात करते हैं और दूसरी तरफ ये देखने को मिलता है।
यह भी पढ़ें...

