'आप किस तरह के जज हैं': विपक्ष के उपराष्ट्रपति उम्मीदवार सुदर्शन रेड्डी की लालू यादव से मुलाकात पर भड़की BJP, कहा- ये पाखंड है
Published:
3 min read

भारतीय जनता पार्टी ने INDIA गठबंधन के उपराष्ट्रपति उम्मीदवार सुदर्शन रेड्डी पर बिहार के पूर्व सीएम लालू यादव से मुलाकात को लेकर निशाना साधा।
नेशनल डेस्क। भारतीय जनता पार्टी ने INDIA गठबंधन के उपराष्ट्रपति उम्मीदवार सुदर्शन रेड्डी पर बिहार के पूर्व सीएम लालू यादव से मुलाकात को लेकर निशाना साधा है। पूर्व कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा- सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज सुदर्शन रेड्डी बड़ी-बड़ी बातें कर रहे हैं। वे देश की आत्मा को बचाने का दावा कर रहे हैं। लेकिन वे इसे बचाने के लिए वे किससे मिल रहे हैं, लालू यादव से। लालू यादव चारा घोटाले में दोषी हैं। ऐसे में ये आपका पाखंड है।
रविशंकर प्रसाद ने कहा, आप किस तरह के रिटायर्ड जज हैं। जो व्यक्ति स्कैम और भ्रष्टाचार के मामले में दोषी है, उससे मिलते हैं। आप क्या देश की आत्मा को बचाने की बात कर रहे हैं? यह पाखंड है। यह दिखावा है। आप देश की आत्मा की बात न करें। आज हम आपके पाखंड को एक्सपोज करने के लिए आए हैं। लालू यादव सिर्फ चारा घोटाले में ही दोषी नहीं हैं, वे रेलवे में जमीन दो और नौकरी लो के मामले में भी आरोपी हैं। इनके खिलाफ कोर्ट की कार्यवाही जारी है। ऐसे में अंतरआत्मा की बात आप न करें।
'आज सुदर्शन रेड्डी पाखंड उजागर हो गया'
इससे पहले बीजेपी मीडिया सेल के हेड अमित मालवीय ने भी जस्टिस रेड्डी पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा, INDIA गठबंधन के उम्मीदवार और सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज सुदर्शन रेड्डी ने चारा घोटाले के दोषी लालू यादव से मुलाकात की। जबकि लालू यादव संसद के सदस्य भी नहीं हैं, न ही उपराष्ट्रपति चुनाव में उनका वोट है। यह सिर्फ एक भयावह दृश्य नहीं है, बल्कि एक उच्च संवैधानिक पद की आकांक्षा रखने वाले व्यक्ति के सार्वजनिक जीवन में ईमानदारी पर दिया गया एक चौंकाने वाला बयान है। आज उनका पाखंड उजागर हो गया।
9 सितंबर को उपराष्ट्रपति चुनाव
जगदीप धनखड़ ने मानसून सत्र के दौरान उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद चुनाव आयोग ने 9 सितंबर को चुनाव कराने का ऐलान किया था। इसी दिन शाम तक नतीजे भी आ जाएंगे। एनडीए ने सीपी राधाकृष्णन को उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया है।
राधाकृष्णन महाराष्ट्र के राज्यपाल हैं। वे तमिलनाडु से हैं और दो बार सांसद भी रहे। वहीं, INDIA गठबंधन ने सुदर्शन रेड्डी को उतारा है। रेड्डी के उम्मीदवारी के ऐलान के बाद ही अमित शाह ने रेड्डी पर निशाना साधा था और उनके एक फैसले के लिए उन्हें नक्सल समर्थक बताया था।

