विपक्ष के उपराष्ट्रपति उम्मीदवार सुदर्शन रेड्डी का नामांकन: INDIA ब्लॉक के बड़े नेता मौजूद रहे; 9 सितंबर को NDA कैंडिडेट राधाकृष्णन से मुकाबला
Published:
3 min read

आज नॉमिनेशन फाइल करने की आखिरी तारीख थी। उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए 9 सितंबर को वोटिंग होगी। क्रेडिट- ANI
INDIA ब्लॉक के उपराष्ट्रपति कैंडिडेट बी सुदर्शन रेड्डी ने आज यानी 21 अगस्त को नामांकन दाखिल किया। उन्होंने सुबह 11.30 बजे पॉर्लियामेंट हाउस कॉम्प्लेक्स में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी की मौजूदगी में नॉमिनेशन फाइल किया।
इसके अलावा शरद पवार, संजय राउत, DMK के तिरुचि सिवा और समाजवादी पार्टी के रामगोपाल यादव भी मौजूद रहे।
आज नॉमिनेशन फाइल करने की आखिरी तारीख थी। कल NDA कैंडिडेट सीपी राधाकृष्णन ने नामांकन भरा था। PM मोदी उनके प्रस्तावक बने। उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए 9 सितंबर को वोटिंग होगी। उसी दिन काउंटिंग भी होगी।
उपराष्ट्रपति चुनाव में साउथ Vs साउथ
बी सुदर्शन रेड्डी का जन्म हैदराबाद के किसान परिवार में हुआ था। 2005 में गुवाहाटी हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस बने। इसके बाद 2017 में सुप्रीम कोर्ट चले गए। इसके अलावा वे गोवा के पहले लोकायुक्त भी थे। उम्मीदवारी का ऐलान होते ही सुदर्शन रेड्डी ने पक्ष-विपक्ष सभी से समर्थन की अपील की।
उन्होंने NDA सांसदों से भी समर्थन की उम्मीद जताई। उनके मैदान में उतरने से उपराष्ट्रपति चुनाव साउथ Vs साउथ हो गया है। जाहिर है कि NDA कैंडिडेट राधाकृष्णन तमिलनाडु से हैं। ऐसे में साउथ की जितनी भी पार्टियां हैं, उनके लिए एक चुनौती होगी। हालांकि, NDA की सहयोगी TDP ने पहले ही साफ कर दिया है कि वे राधाकृष्णन को ही सपोर्ट करेंगे।

कैसे होता है उपराष्ट्रपति चुनाव
राष्ट्रपति की तरह उपराष्ट्रपति चुनाव में भी जनता भाग नहीं लेती। दोनों सदनों में जिसके पास ज्यादा सांसद होंगे, उपराष्ट्रपति उसी दल या साइड का व्यक्ति बनता है। फिलहाल, लोकसभा और राज्यसभा दोनों सदनों में मिलाकर टोटल सीटें 788 हैं। इसमें 6 सीटें खाली हैं।
इस तरह टोटल 782 सांसद इस वक्त दोनों सदनों में मिलाकर हैं। उपराष्ट्रपति चुनाव में जीत के लिए 391 सांसदों यानी 50% के समर्थन की जरूरत होगी। बीजेपी की अगुवाई वाली NDA के पास 422 सांसद हैं, जो कि बहुमत से ज्यादा ही हैं। इसलिए उनके कैंडिडेट का जीतना लगभग तय ही है।
उपराष्ट्रपति चुनाव का कार्यक्रम
-
7 अगस्त को चुनाव आयोग ने नोटिफिकेशन जारी किया।
-
21 अगस्त- नामांकन की आखिरी तारीख।
-
22 अगस्त को नामांकन की जांच होगी।
-
25 अगस्त तक कैंडिडेट नामांकन वापस ले सकेंगे।
-
9 सितंबर को वोटिंग होगी।
-
9 सितंबर को ही रिजल्ट, देश को नया उपराष्ट्रपति मिलेगा।
उपराष्ट्रपति चुनाव समय से पहले क्यों
दरअसल, जगदीप धनखड़ ने 21 जुलाई को स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दिया। उनके इस फैसले ने सभी को चौंका दिया था। इसी वजह से उपराष्ट्रपति चुनाव समय से पहले कराया जा रहा है।

