UP में मूक बधिर से गैंगरेप: घर के पास से किडनैप किया, ज्यादती कर खेत में फेंका; पुलिस ने 24 घंटे में एनकाउंटर कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया
Published:
2 min read

SP आवास के पास लगे कैमरों में युवती को भागते हुए और बाइक सवारों को उसका पीछा करते हुए देखा गया।
उत्तर प्रदेश के बलरामपुर में मूक-बधिर युवती से गैंगरेप का मामला सामने आया है। युवती के घर से कुछ ही दूरी से युवती को किडनैप किया गया था, इसके बाद उससे दुष्कर्म किया गया। पुलिस ने मामले में जल्द एक्शन लिया और 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों का एनकाउंटर कर गिरफ्तार कर लिया।
मूक-बधिर युवती के साथ गैंगरेप
बलरामपुर में युवती अपने मामा के घर से सोमवार शाम को अपने घर जा रही थी। युवती के घर वापस नहीं आने पर परिजनों ने उसकी तलाश करना शुरु किया। युवती पुलिस चौकी के पास एक खेत में संदिग्ध अवस्था में मिली। पीड़िता को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टर ने बताया कि युवती की हालत ठीक है, लेकिन वह सदमे में है।
पुलिस के मुताबिक, युवती के भाई ने मामले की शिकायत थाने में की। इसके बाद पुलिस ने FIR दर्ज की। पीड़िता ने शिकायत में बताया कि कुछ लोगों ने किडनैप कर उसके साथ गैंगरेप की घटना को अंजाम दिया। उसी के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की तलाश करना शुरु कर दी।
पुलिस ने जल्द लिया एक्शन
SP विकास कुमार के मुताबिक, CCTV फुटेज के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान की गई। मुठभेड़ के दौरान दोनों घायल हो गए। घायल आरोपियों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। इस दौरान दोनों आरोपियों ने अपना अपराध कबूल कर लिया।
लापरवाही की वजह से हुई घटना- परिजन
परिजनों का आरोप है कि लापरवाही की वजह से ये घटना घटी। घटनास्थल के आस पास के तीन से चार CCTV कैमरे बंद पाए गए। हालांकि, SP आवास के पास लगे कैमरों में युवती को भागते हुए और बाइक सवारों को उसका पीछा करते हुए देखा गया। 14 सेकेंड की वीडियो से पुलिस को आरोपियों की तलाश करने में मदद मिली।

