लैंडस्लाइड से कई रास्ते बंद:: उत्तराखंड में भारी बारिश से बद्रीनाथ हाईवे बंद, तीर्थयात्री परेशान
Published:
2 min read

लैंडस्लाइड के बाद बद्रीनाथ हाईवे बंद
उत्तराखंड में भारी बारिश और लैंडस्लाइड की वजह से कई नेशनल हाईवे ब्लॉक हो गए। बद्रीनाथ-ऋषिकेश हाईवे को भी अस्थाई तौर पर बंद कर दिया गया है। इस वजह से बद्रीनाथ, केदारनाथ और हेमकुंड जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सिरोबगड़ में लैंडस्लाइड की वजह से बद्रिनाथ-ऋषिकेश हाईवे को अस्थाई तौर पर ब्लॉक किया गया है। उत्तराखंड के नैनीताल, देहरादून, उत्तरकाशी, चमोली समेत कई जिलों में भारी बारिश जारी है। इसकी वजह से कई जगहों पर लैंडस्लाइड भी हुआ है। ऐसे में बद्रीनाथ, केदारनाथ और हेमकुंड जाने वाले यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रुकना पड़ा।
सिरोबगड़ में हाईवे से मलबे को हटाने के लिए प्रशासन JCB मशीन का इस्तेमाल कर रहा है। ताकि जल्द से जल्द हाईवे खुल सके। श्रीनगर पौड़ी गढ़वाल जिला सर्कल अधिकारी (CO) अनुज कुमार ने बताया कि ब्लॉक हाईवे के दोनों तरफ पुलिस तैनात है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए युद्ध स्तर पर रास्ते से मलबे को हटाने का काम जारी है।
उत्तराखंड में भारी बारिश के कारण राज्य के कई नेशनल हाईवे ब्लॉक हो गए है। नंदप्रयाग और भनेरोपानी के आस पास कई रास्ते बंद है। लगातार हो रही बारिश के कारण उत्तराखंड में कई जगह भूस्खलन हुआ है।
उत्तराखण्ड राज्य के चमोली पुलिस ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा- ‘बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग नंदप्रयाग व भनेरपानी के पास अवरुद्ध है मार्ग खुलवाने का कार्य जारी है।’
नंदप्रयाग के पास राष्ट्रीय राजमार्ग तीर्थयात्रियों के लिए महत्वपूर्ण मार्ग है, जो केदारनाथ की यात्रा पर जाते हैं। इस कारण मार्ग को साफ करना प्राथमिकता बन गया है।
इससे पहले, रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन ने शुक्रवार को लगातार बारिश के चलते सोनप्रयाग-मुंकटिया रूट पर आवाजाही बंद कर दी। यह सड़क केदारनाथ जाने वाले तीर्थयात्रियों के लिए एक आधार बिंदु है। लेकिन सोनप्रयाग शटल ब्रिज और मुंकटिया के पास स्लाइडिंग जोन में लगातार मलबा और पत्थर गिरने के कारण इस पर यात्री यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
सुरक्षा कारणों से केदारनाथ धाम यात्रा पर निकले तीर्थयात्रियों को सोनप्रयाग और गौरीकुंड में रोका गया। बाद में जब मलबा हटा दिया गया, तब तीर्थयात्रियों की आवाजाही फिर से शुरू की गई।
रुद्रप्रयाग पुलिस ने बताया, सड़क को खोलने और बंद करने की प्रक्रिया को नियंत्रित किया जा रहा है, और संबंधित कार्य एजेंसी, प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस द्वारा यात्रियों की सुरक्षा के साथ आवाजाही सुनिश्चित की जा रही है।

