PAK गैंगस्टर भट्टी नेटवर्क आतंकी घोषित: कट्टरपंथ फैलाने की कोशिश के इनपुट के बाद उत्तराखंड में अलर्ट
Published:
3 min read

पाकिस्तान गैंगस्टर शहजाद भट्टी
नेशनल डेस्क. केंद्रीय गृह मंत्रालय ने पाकिस्तान के गैंगस्टर शाहजाद भट्टी नेटवर्क (SBN) को गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम यानी UAPA के तहत आतंकी संगठन घोषित किया है।
ये कदम ऐसे वक्त पर उठाया गया, जब एक दिन पहले ही शहजाद भट्टी को लेकर मिले खुफिया इनपुट के बाद उत्तराखंड में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर आ गई हैं।
भट्टी को लेकर क्या इनपुट मिला
उत्तराखंड के DGP दीपम सेठ ने राज्य में सर्विलांस बढ़ाने और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। दरअसल, इनपुट मिला है कि शहजाद भट्टी सोशल मीडिया का इस्तेमाल कर युवाओं को कट्टरपंथ की धकेलने की कोशिश में जुटा है।
देहरादून स्थित इंटेलिजेंस एंड सिक्योरिटी हेडक्वार्टर में समीक्षा बैठक हुई। इसमें सभी जिलों की पुलिस यूनिट्स को देश के अलग अलग हिस्सों से भट्टी की गैंग से जुड़े लोगों की गिरफ्तारी के मद्देनजर विशेष रूप से सतर्क रहने के लिए कहा गया है।
बैठक में इन मुद्दों पर हुई चर्चा
समीक्षा बैठक में आतंकवाद, सीमा पार घुसपैठ, ऑनलाइन अफवाह फैलाने, धार्मिक कार्यक्रमों और विधानसभा चुनाव से जुड़ी सुरक्षा चुनौतियों पर चर्चा हुई। DGP ने अधिकारियों को ‘प्रहार’ नीति को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए। प्रहार देश की पहली राष्ट्रीय आतंकवाद-रोधी नीति है। DGP सेठ ने राज्य की एंटी-टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) को दूसरे बड़े राज्यों की पुलिस के सफल एंटी टेररिस्ट ऑपरेशन की स्टडी करने के लिए भी कहा है।
ये भी पढ़ें: क्या है PRAHAAR: देश की पहली एंटी टेरर पॉलिसी; ड्रोन से डार्क वेब तक, अब हर मोर्चे पर टेररिज्म को जवाब की तैयारी
दीपम सेठ ने कहा कि आतंकवाद से निपटने के लिए हाईएस्ट प्रोफेशनल स्टैंडर्ड की जरूरत है। इसके लिए सुरक्षा एजेंसियों के बीच स्ट्रॉन्ग कोऑर्डिनेशन, आधुनिक तकनीक और समय पर खुफिया जानकारी का शेयर किया जाना जरूरी है।
चीन-नेपाल सीमा पर इंटर-एजेंसी बैठक
उत्तराखंड की सीमाएं चीन और नेपाल से भी लगती हैं। इसे देखते हुए DGP ने ITBP, SSB, सेना, IB, राज्य पुलिस और ATS के वरिष्ठ अधिकारियों एक हाई लेवल इंटर-एजेंसी बैठक के भी निर्देश दिए। बैठक में सीमावर्ती जिलों में संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी, सीमा पार घुसपैठ रोकने और एंटी नेशनल गतिविधियों पर नजर रखने की रणनीति बनाई जाएगी।
चारधाम यात्रा और कुंभ को लेकर भी अलर्ट
DGP ने टूरिस्ट और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। चारधाम यात्रा में लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। इसके साथ ही आगामी कुंभ मेले और अन्य बड़े धार्मिक कार्यक्रमों के लिए सिक्योरिटी प्लानिंग करने को कहा है।
ये भी पढ़ें: 80 FIR, 200 से ज्यादा गिरफ्तारियां: ISI समर्थित शहजाद भट्टी नेटवर्क का खात्मा; अमित शाह बोले- आतंकियों के खिलाफ जीरो-टॉलरेंस जारी रहेगी
Facebook, X और WhatsApp की 24 घंटे मॉनिटरिंग
विधानसभा चुनाव और धार्मिक कार्यक्रमों को देखते हुए पुलिस को Facebook, X, Instagram और WhatsApp ग्रुप्स की चौबीसों घंटे मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए हैं।
अधिकारियों को भड़काऊ कंटेंट और सार्वजनिक व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वाले लोगों की पहचान करने को कहा गया है। पुलिस को अफवाहों, भ्रामक खबरों, सांप्रदायिक रूप से संवेदनशील पोस्ट, एडिट किए गए वीडियो और डीपफेक के खिलाफ तुरंत आधिकारिक फैक्ट-चेक जारी करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

CM और VVIP सुरक्षा की भी समीक्षा
बैठक में CM की सुरक्षा, VVIP दौरों और चुनाव से जुड़े कार्यक्रमों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। संवेदनशील क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए गए।

