UP के बाराबंकी में महिला कॉन्स्टेबल का शव झाड़ियों में मिला: 4 दिन से लापता थी, सिर पर नुकीले हथियार से हमले के निशान मिले; साथी पुलिसकर्मी पर लगाए थे रेप के आरोप
Published:
2 min read

बाराबंकी में झाड़ियों से मिला महिला कॉन्स्टेबल का शव
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में झाड़ियों से एक महिला कॉन्स्टेबल का शव मिला है। महिला चार दिन से लापता थी। पुलिस के मुताबिक, महिला के सिर पर नुकीले हथियार से हमला करने के निशान मिले हैं। मृतक कॉन्स्टेबल ने एक साल पहले साथी पुलिसकर्मी पर रेप के आरोप लगाए थे।
पुलिस के मुताबिक, स्थानीय लोगों ने शव मिलने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। महिला कॉन्स्टेबल के शव की पहचान उसके नेम प्लेट और वर्दी से हुई। महिला कॉन्स्टेबल ड्यूटी के लिए 27 जुलाई को घर से निकली थी।
किसी खास मकसद से की गई हत्या
पुलिस ने बताया, हत्या के एंगल से जांच की जा रही है। अब तक मिले सबूत उस पुलिसकर्मी की ओर इशारा कर रहे हैं, जिस पर महिला ने रेप के आरोप लगाए थे। पुलिस ने पुलिसकर्मी पर हत्या का केस दर्ज कर लिया है। पुरुष कॉन्स्टेबल दूसरे जिले में तैनात है और वह फरार चल रहा है। जल्द ही उसकी गिरफ्तारी कर ली जाएगी। महिला की हत्या किसी खास मकसद की गई।
गिरफ्तारी के बाद घटना का होगा खुलासा
महिला ने एक साल पहले साथी पुलिसकर्मी पर रेप के आरोप लगाए थे। लेकिन वह मजिस्ट्रेट के सामने बयान से मुकर गई। इसके बाद पुलिस ने रेप के मामले में क्लोजर रिपोर्ट दाखिल की थी।
पुलिस ने कहा- शुरुआती जांच से पता चलता है कि महिला पुरुष कॉन्स्टेबल के साथ रिलेशनशिप में हो सकती है। इंस्पेक्टर जनरल (फैजाबाद रेंज) प्रवीण कुमार ने कहा, पुरुष कॉन्स्टेबल की गिरफ्तारी और पूछताछ के बाद ही घटना का खुलासा हो पाएगा। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

