जम्मू-कश्मीर भारत का अहम हिस्सा: CM अब्दुल्ला से मुलाकात के बाद US राजदूत सर्जियो गोर बोले- ट्रैवल एडवाइजरी में बदलाव पर विचार करेंगे
Published:
2 min read

अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने श्रीनगर में जम्मू कश्मीर के CM उमर अब्दुल्ला से मुलाकात की।
नेशनल डेस्क. भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर जम्मू कश्मीर दौरे पर हैं। उन्होंने बुधवार को मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से मुलाकात की। इस दौरान सर्जियो ने जम्मू कश्मीर को भारत का अहम हिस्सा बताया। उन्होंने संकेत दिए कि अमेरिका जम्मू कश्मीर को लेकर अपने नागरिकों को जारी की गई ट्रैवल एडवाइजरी में बदलाव पर विचार कर सकता है।
CM उमर अब्दुल्ला से मुलाकात के बाद सर्जियो गोर ने कहा- यहां आकर खुशी हुई। जम्मू कश्मीर भारत का एक अहम हिस्सा है। मैं यहां पहली बार आया हूं। यह जगह बहुत खूबसूरत है। मैं यहां आकर और इस जगह को देखकर बहुत उत्साहित हूं। हमारी बहुत अच्छी बैठक हुई। हम इस रिश्ते को आगे बढ़ाने के लिए उत्सुक हैं।
उन्होंने कहा- अमेरिका जम्मू कश्मीर को लेकर ट्रैवल संबंधी चेतावनी जारी करता है। समय समय पर इनमें बदलाव भी आता है। मैं आज यहां कोई बड़ा ऐलान नहीं कर सकता। लेकिन हम इस पर विचार करेंगे। नई दिल्ली, यहां के मुख्यमंत्री और सरकार ने इस क्षेत्र को सुरक्षित बनाने के लिए कुछ बेहतरीन कदम उठाए हैं। इसलिए हम देखेंगे कि क्या अमेरिका द्वारा जारी एडवाइजरी में बदलाव किया जाए। क्योंकि यह एक खूबसूरत इलाका है और बहुत से अमेरिकी यहां आकर इसकी सुंदरता देखना पसंद करेंगे।
उधर, उमर अब्दुल्ला ने कहा- यह एक बहुत अच्छी बैठक थी। हमें दोनों देशों के बीच संबंधों पर चर्चा करने का मौका मिला, जिसमें खास तौर पर इस बात पर ध्यान दिया गया कि अमेरिका जम्मू-कश्मीर के लिए क्या कर सकता है। जाहिर है कुछ पुराने मुद्दे हैं जिन्हें हम समय के साथ सुलझाने की कोशिश करेंगे लेकिन हम इस बातचीत को आगे बढ़ाने के लिए उत्सुक हैं। हमें पूरी उम्मीद है कि आने वाले सालों में अमेरिका और जम्मू-कश्मीर के बीच जुड़ाव और गहरा और व्यापक होगा।

