अखिलेश यादव नहीं उतारेंगे तीसरा उम्मीदवार: UP में राज्यसभा चुनाव निर्विरोध होगा, BJP के लिए 8 सीटों पर जीत आसान
Published:
2 min read

अखिलेश यादव ने राज्यसभा चुनाव में तीसरा उम्मीदवार न उतारने का फैसला किया है।
नेशनल डेस्क. उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों पर 16 अक्टूबर को चुनाव है। समाजवादी पार्टी ने मंगलवार को फैसला किया है कि वह तीसरा उम्मीदवार नहीं उतारेगी। यानी 10 सीटों पर अब सपा के 2 और बीजेपी के 8 उम्मीदवार हैं। ऐसे में अब 10 सीटों पर चुनाव नहीं होगा और सभी निर्विरोध चुने जाएंगे। बशर्ते सभी 10 नामांकन जांच में सही पाए जाएं और 9 अक्टूबर से पहले कोई भी उम्मीदवार अपना नाम वापस न ले।
दरअसल, बीजेपी ने सोमवार को 8 सीटों पर उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया था। वहीं, सपा ने दो उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया था। पहले कहा जा रहा था कि सपा एक और उम्मीदवार उतारेगी। ऐसे में वोटिंग की उम्मीद जताई जा रही थी। लेकिन अब सपा ने नंबर पूरे न होने और क्रॉस वोटिंग की संभावना के मद्देनजर तीसरा उम्मीदवार न उतारने का फैसला किया है।
अखिलेश यादव ने दिए संकेत
अखिलेश यादव ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर लिखा, 'अब हमारी निगाह तीन पर नहीं, चार सौ तीन पर है।' यूपी विधानसभा में कुल 403 सीटें हैं, ऐसे में माना जा रहा है कि अखिलेश का फोकस यूपी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर है। इससे पहले सपा के सीनियर विधायक रविदास मेहरोत्रा ने सोमवार को दावा किया था कि पार्टी ने तीसरे उम्मीदवार के लिए तैयारी पूरी कर ली है।
सपा ने दो उम्मीदवारों का किया ऐलान
1- रामगोपाल यादल
2- धनराज परिमल नाथवानी
सपा के दोनों नेता अपना नामांकन दाखिल कर चुके हैं।
BJP ने 8 उम्मीदवारों का किया ऐलान
उधर, बीजेपी ने धर्मपाल सिंह, राधाकांत ओझा, प्रकाश पाल, विद्यासागर सोनकर, गोपी पांडेय, प्रियंका सिंह रावत, राम प्रताप सिंह चौहान, श्रुति गंगवार को टिकट दिया।
BJP ने एक भी सांसद को रिपीट नहीं किया
जिन 10 सीटों पर चुनाव हो रहा है, उनमें से 7 सीटें बीजेपी पर थीं। जबकि 2 सीट सपा और 1 सीट बसपा पर थी। बीजेपी ने अपनी लिस्ट में एक भी सांसद को रिपीट नहीं किया। यानी अरुण सिंह, हरदीप पुरी, नीरज शेखर, ब्रजलाल, बीएल वर्मा, दिनेश शर्मा और गीता में किसी को भी दोबारा टिकट नहीं दिया।

