कौन हैं धनराज नाथवानी : अखिलेश यादव ने दिया टिकट, पिता NDA के समर्थन से राज्यसभा सांसद; रामगोपाल भी उम्मीदवार
Published:
3 min read

रामगोपाल यादव और पिता परिमल नाथवानी के साथ धनराज
नेशनल डेस्क. उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों पर 16 अक्टूबर को चुनाव है। अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी ने दो सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया। अखिलेश यादव के चाचा रामगोपाल यादव को इस बार भी उम्मीदवार बनाया गया है। इसके अलावा धनराज परिमल नाथवानी को टिकट दिया गया है। खास बात ये है कि हाल ही में धनराज के पिता परिमल नाथवानी झारखंड में NDA के समर्थन से राज्यसभा पहुंचे थे। चुनाव के दौरान क्रॉस वोटिंग भी हुई थी।

कौन हैं धनराज परिमल
धनराज नाथवानी, परिमल नाथवानी के बेटे हैं। परिमल रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड में डायरेक्टर, कॉरपोरेट अफेयर्स हैं। वे लंबे समय से राजनीति और कॉरपोरेट जगत के बीच एक्टिव हैं। वे पहली बार 2008 में झारखंड से निर्दलीय राज्यसभा सांसद बने थे और 2014 में दोबारा चुने गए। 2020 में वे YSR कांग्रेस (YSRCP) के उम्मीदवार के रूप में आंध्र प्रदेश से राज्यसभा पहुंचे।
ये भी पढ़ें: स्मृति-वरुण, कुमार विश्वास: UP से BJP इन नेताओं को भेज सकती है राज्यसभा; 10 सीटों का पूरा गुणा-गणित यहां
ये भी पढ़ें: राज्यसभा की 11 सीटों पर 16 अक्टूबर को वोटिंग: UP की 10 और उत्तराखंड की 1 सीट; हरदीप पुरी-रामगोपाल यादव समेत इन नेताओं का कार्यकाल हो रहा पूरा
2026 में फिर कैसे जीते?
2026 में झारखंड की 2 राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव हुआ। इस बार नाथवानी NDA समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार थे। उनके सामने कांग्रेस के प्रणव झा थे। दूसरी सीट पर JMM के बैद्यनाथ राम उम्मीदवार थे। झारखंड विधानसभा में 81 विधायक हैं और इस चुनाव में एक उम्मीदवार को जीत के लिए 28 प्रथम वरीयता वोट चाहिए थे। नाथवानी 30 वोट लेकर राज्यसभा पहुंच गए। कांग्रेस, RJD और CPI(ML) के विधायकों पर क्रॉस वोटिंग का आरोप लगा।

एक और उम्मीदवार उतार सकती है सपा
नंबरगेम की बात करें तो यूपी की 10 राज्यसभा सीटों में से 7 आसानी से बीजेपी के खाते में जाती दिख रही हैं। वहीं, 2 सपा जीत जाएगी। हालांकि, 10वीं सीट पर पेच फंसा है। बताया जा रहा है अखिलेश यादव एक और उम्मीदवार उतार सकते हैं। जबकि बीजेपी भी 8 उम्मीदवार उतारेगी।
बीजेपी से इन नेताओं को मिल सकता है टिकट
- BJP राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी और हरीश द्विवेदी को चुनाव में उतार सकती है। इसके अलावा वरुण गांधी, संजीव बालियान, सत्यपाल सिंह और कुमार विश्वास के नाम भी चर्चा कर रही है।
- अभी राज्यसभा सांसद गीता शाक्या और बीएल वर्मा का कार्यकाल खत्म होने जा रहा है। वर्मा केंद्र में मंत्री हैं। ऐसे में पार्टी उन्हें फिर से राज्यसभा भेज सकती है। चर्चा है कि गीता शाक्या को भी दोबारा मौका मिल सकता है।
- इसके अलावा बीजेपी OBC मोर्चा के प्रकाश पाल और रेखा वर्मा के नाम की भी चर्चा हुई। वहीं, केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी का भी कार्यकाल खत्म हो गया, पंजाब में चुनाव को मद्देनजर उन्हें फिर से राज्यसभा भेजा जा सकता है।
- दलित नेता ब्रजलाल की जगह युवा दलित नेता को राज्यसभा भेजे जाने की चर्चा है।
- वहीं, जाट नेता पूर्व मंत्री संजीव बालियान, पूर्व सांसद सत्यपाल सिंह के नाम पर भी चर्चा हुई है। इसके अलावा वरुण गांधी, सुरेश राणा, अमिल मालवीय और राजबीर सिंह को भी टिकट का उम्मीदवार माना जा रहा है।



