UP में बड़ी साजिश नाकाम: PAK का वीडियो यूपी का बताकर किया शेयर, कांवड़ के दौरान हिंसा फैलाना चाहते थे आरोपी, तीन गिरफ्तार
Published:
2 min read

उत्तर प्रदेश पुलिस
उत्तर प्रदेश पुलिस ने पाकिस्तान का वीडियो शेयर कर हिंसा फैलाने की साजिश रचने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने पाकिस्तान के 1 साल पुराने वीडियो यूपी के बताकर ऑडियो मैसेज के साथ शेयर किए थे। आरोपी कांवड़ यात्रा के दौरान सांप्रदायिक हिंसा फैलाने की साजिश रच रहे थे।
पुलिस ने बताया कि नदीम, मनशेर और रहीस को गिरफ्तार किया गया है। इन लोगों ने ऑडियो मैसेज के साथ एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें मृत महिलाएं और बच्चे खून से लथपथ नजर आ रहे थे। इन लोगों ने वीडियो के साथ दावा किया कि हिंदू संगठनों ने मुरादाबाद में दूसरे धर्म के लोगों के घरों पर हमला किया। लेकिन जांच में पता चला कि ये वीडियो पाकिस्तान के मुजफ्फरगढ़ का है, जहां पिछले साल अप्रैल में एक शख्स ने अपनी पत्नी और सात बच्चों की हत्या कर दी थी।
विशेष धर्म को भड़काने की थी साजिश
पुलिस के मुताबिक, मुजफ्फरनगर की ककरौली पुलिस को सोशल मीडिया पर कुछ लोगों द्वारा व्हाट्सएप पर वीडियो और ऑडियो वायरल करने की जानकारी मिली थी। जांच में पता चला कि ये लोग इन वीडियो के जरिए विशेष धर्म के लोगों को भड़काना चाहते थे और कांवड़ यात्रा के दौरान पश्चिम उत्तर प्रदेश में हिंसा फैलाना चाहते थे।
पुलिस ने इन धाराओं के तहत दर्ज किया मामला
पुलिस ने बताया, मामला संज्ञान में आते ही एक टीम का गठन किया गया और मैसेज फॉरवर्ड करने वाले लोगों की पहचान की गई। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया। तीनों के पास तीन फोन जब्त किए गए। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता के UAPA और सेक्शन 55, 61 (2) आपराधिक साजिश, 103 (2), 113 (3) आतंकवाद, 147, 152, 196, 197, 299, 351 (3), 353 (2) के तहत मामला दर्ज किया है।

