UP चुनाव से पहले CM योगी का ऐलान: अयोध्या के बाद मथुरा-वृंदावन में भव्य परिसर बनेगा; बोले- सनातन को मिटाने वाले मिट्टी में मिल गए
Published:
2 min read

सीएम योगी आदित्यनाथ जन्माष्टमी पर मथुरा के दौरे पर पहुंचे थे।
नेशनल डेस्क. उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हो गया। हमारी कोशिश है कि अयोध्या और काशी की तरह मथुरा-वृंदावन में भव्य परिसर बने। सीएम ने कहा, जिन लोगों को ये सब अच्छा नहीं लगता, वे अयोध्या को बदनाम कर रहे हैं। जिन्हें ये अच्छा लगता है कि वे कहते हैं कि देखों अयोध्या में रामलला फिर से विराजमान हो गए हैं।
जन्माष्टमी के मौके पर श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद सीएम योगी ने कहा, मथुरा-वृंदावन में भव्य परिसर बनाने से ब्रज के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व को और मजबूती मिलेगी। सीएम योगी ने कहा- आप सभी को आश्वस्त करता हूं कि डबल इंजन सरकार आपके साथ मिलकर आपकी भावनाओं के अनुरूप इस ब्रज भूमि को बनाने में कोर-कसर नहीं छोड़ेगी।
'सनातन मिटाने की कोशिश करने वाले मिट्टी में मिल गए'
CM योगी ने कहा- मैं पूरे प्रदेशवासियों को जन्माष्टमी की बधाई देता हूं। 5200 वर्ष पूर्व श्रीकृष्ण ने इसी स्थल पर प्रकट होकर आर्यावर्त में धर्म, सत्य और न्याय की स्थापना करने का कार्य किया था। अनेक आक्रमण हुए, अनेक लोगों ने अपनी आस्था को भारत पर थोपने का प्रयास किया लेकिन सनातन की आस्था को कोई नहीं मिटा पाया और जिन्होंने सनातन की आस्था को मिटाने का दुस्साहस किया, वो खुद मिट्टी में मिल गए।
उन्होंने कहा- पूरे देश में श्रीकृष्ण और राधारानी की स्मृति हम सबके लिए प्रेरणा है...भगवान श्रीकृष्ण ने 5200 वर्ष पहले जो उद्घोष किए थे वो आज के समय में भी उतने ही प्रासंगिक है। यह आस्था हमें गति देती है, जो उन्नयन, प्रगति की होती है। आज प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हम सब भारत की विरासत और विकास का अद्भुत समन्वय देख रहे हैं।

