UP कांग्रेस की नई अध्यक्ष के पहले ही कार्यक्रम में हंगामा: अजय राय-ममता चौधरी के समर्थकों में जूते-चप्पल चले
Published: Updated:
2 min read

UP में नई कांग्रेस अध्यक्ष अराधना मिश्रा के कार्यक्रम में हंगामा
नेशनल डेस्क. कांग्रेस ने हाल ही में अजय राय की जगह आराधना मिश्रा ‘मोना’ को नया अध्यक्ष बनाने का ऐलान किया है। उनके पदभार ग्रहण करने के कार्यक्रम में ही पार्टी के भीतर गुटबाजी खुलकर सामने आ गई।
लखनऊ में नए प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अजय राय और कांग्रेस महिला विंग की प्रदेश अध्यक्ष ममता चौधरी के समर्थकों के बीच जमकर नारेबाजी हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों गुटों के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए और एक-दूसरे पर जूते फेंकने लगे। कार्यक्रम में ममता चौधरी के साथ भी कथित तौर पर बदसलूकी की गई।
कैसे हुई विवाद की शुरुआत
वहां मौजूद लोगों के मुताबिक, अजय राय समर्थकों के साथ कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कांग्रेस दफ्तर पहुंचे थे। कार्यक्रम में भीड़ होने की वजह से समर्थकों ने कहा- रास्ता खाली करिए अध्यक्ष आ रहे हैं। इस पर वहां मौजूद ममता चौधरी ने कहा- कौन से अध्यक्ष?
ममता चौधरी के इतना कहते ही दोनों समर्थकों के बीच बहस छिड़ गई और टकराव की स्थिति पैदा हो गई। दोनों गुटों के बीच जूते-चप्पल चलने लगे। यहां तक कि वीडियो में कुछ लोग ममता चौधरी को अपशब्द कहते भी नजर आ रहे हैं।
प्रमोद तिवारी-इमरान मसूद ने कार्यकर्ताओं को समझाया
कार्यक्रम के दौरान दोनों गुटों के कार्यकर्ता एक-दूसरे के सामने आ गए। धक्का-मुक्की, हंगामे और जूते फेंके जाने लगे। हंगामे के बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने दोनों पक्षों को शांत कराने की कोशिश की। राज्यसभा सांसद और आराधना मिश्रा के पिता प्रमोद तिवारी और उत्तर प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद भी कार्यकर्ताओं को समझाते नजर आए।

वीडियो में प्रमोद तिवारी को अजय राय से बातचीत करते और हाथ जोड़कर स्थिति संभालने की कोशिश करते देखा गया। बाद में अजय राय ने आराधना मिश्रा का गुलदस्ता देकर स्वागत भी किया। हालांकि, अजय राय ने इस पूरी घटना पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा- मेरे पास कहने के लिए ज्यादा कुछ नहीं है। मैं पार्टी का एक साधारण कार्यकर्ता हूं और पार्टी के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देता रहूंगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि आराधना मिश्रा पार्टी को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगी।
अजय राय ने ममता चौधरी की शिकायत की
राय ने पार्टी अलाकमान के साथ नई यूपी अध्यक्ष से ममता चौधरी की शिकायत की और एक्शन लेने की मांग की है। पार्टी नेतृत्व की ओर से उन्हें उचित एक्शन का भरोसा दिया गया है।

