भगवान इंद्र के खिलाफ पुलिस में शिकायत: UP में भारी बारिश से परेशान शख्स की DM से अपील- मेरे पास नंबर नहीं, आप ही आदेश दे दें
Published:
2 min read

उत्तर प्रदेश में 25 से 27 सितंबर तक हुई बारिश में 57 लोगों की मौत हुई है।
नेशनल डेस्क. उत्तर प्रदेश में एक व्यक्ति ने हिंदू देवता भगवान इंद्र के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। इसमें उसने UP में लगातार हो रही बारिश के लिए उन्हें जिम्मेदार ठहराया है और अधिकारियों से बारिश को रोकने के लिए अपने 'दैवीय कनेक्शन' का इस्तेमाल करने की अपील की है।
UP के हरदोई जिले में पिछले कुछ दिनों से भारी बारिश हो रही है। ऐसे में यहां के मल्लावां के नेवड्डा पारस गांव के रहने वाले सूरज तिवारी ने शिकायत पोर्टल के जरिए ये शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने अपनी शिकायत में लिखा- इंद्रदेव कई दिनों से जिले में बहुत बारिश करा रहे हैं।
ये भी पढ़ें: UP में दो दिनों में बारिश और तूफान से 57 की मौत: 46 घायल; महराजगंज में 45 हजार लोग प्रभावित
'बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित'
26 सितंबर को दर्ज कराई शिकायत में सूरज ने लिखा- कभी तेज कभी धीमी बारिश हो रही है, इससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। पहले से बिना जानकारी दिए इंद्रदेव लगातार बारिश करा रहे हैं। इससे आम लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।
उन्होंने आगे लिखा- सड़कें, गलियां और निचले इलाकों में पानी भर गया है। इससे लोगों के लिए अपने घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है और उनके रोज का काम भी प्रभावित हुआ है। लगातार हो रही बारिश के चलते किसानों की फसलें भी खराब हो रही हैं।
'मेरे पास इंद्रदेव का नंबर नहीं'
शिकायत में जिला मजिस्ट्रेट (DM) को संबोधित करते हुए लिखा गया है- मेरे पास इंद्रदेव का मोबाइल नंबर नहीं है। इसलिए मैं DM से अपील करता हूं कि इस मामले को गंभीरता से लें और अपने दैवीय कनेक्शन के जरिए इंद्रदेव को निर्देश दें ताकि बारिश बंद हो और जिले के लोगों को राहत मिले।
हरदोई में बारिश से नुकसान
UP में पिछले दो दिन में भारी बारिश हुई है। इससे कई जगहों पर किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा है। राज्य में पिछले दो दिनों में 56 लोगों की मौत बारिश से जुड़ी घटनाओं में हुई है। अकेले हरदोई में 7 लोगों की मौत हुई है। जिले में 330 घरों को नुकसान पहुंचा है और 30 मवेशियों की भी मौत हुई है।

