सांसद चंद्रशेखर आजाद ने उठाए कांवड़ यात्रा पर सवाल: बोले- लोगों के व्यापार चौपट हुए, मुसलमानों को टारगेट किया जा रहा; कविता सुनाने वाले टीचर का भी किया बचाव
Published:
3 min read

चंद्रशेखर आजाद ने कांवड़ यात्रा में हो रहे हुड़दंग पर उठाया सवाल
आजाद समाज पार्टी के चीफ और सांसद चंद्रशेखर आजाद ने कांवड़ यात्रा के दौरान हुड़दंग होने का आरोप लगाया। चंद्रशेखर ने कहा, लोगों के व्यापार चौपट हो रहे हैं, दुकानें बंद हो गई हैं। एक समुदाय मुसलमानों को खास तौर पर टारगेट किया जा रहा है। उन्होंने पूछा- भारतीय संविधान के खिलाफ जाकर सरकारें काम क्यों कर रही हैं।
NDTV से बातचीत के दौरान चंद्रशेखर ने इस दौरान यूपी में कांवड़ को लेकर कविता सुनाने वाले टीचर रजनीश गंगवार का भी बचाव किया। गंगवार पर कांवड़ यात्रियों का अपमान करने के आरोप में यूपी सरकार ने FIR दर्ज कराई है। चंद्रशेखर ने कहा, उस टीचर ने मानवतावादी बनने की अपील है। अच्छी बात ये है कि वे ABVP से जुड़े हैं। उन्होंने मानवता की बात की तो उनके खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई।
कांवड़ के नाम पर कई जगहों पर हुड़दंग हो रहा- चंद्रशेखर
आजाद समाज पार्टी के चीफ ने कहा, कांवड़ यात्रा के दौरान कई जगहों पर जिस तरह से हुड़दंग हो रहा है, ये लोग कांवड़ यात्रियों को भी बदनाम कर रहे हैं। ये हिंसा कर रहे हैं। इनको खुली छूट दी गई है। गाड़ी को तोड़ रहे हैं। महिला और बच्चों के साथ आतंक जैसा माहौल बना रहे हैं। उन्होंन कहा, सरकार जवाब दे कि उन्हें ये छूट क्यों दे दी गई है। क्या धर्म के आड़ में उनपर कार्रवाई नहीं होनी चाहिए।
चंद्रशेखर आजाद ने कहा, लोग गाड़ी कैसे खरीदते हैं। कोई लोन पर गाड़ी खरीदता है, कोई पूरी जमा पूंजी लगा देता है। क्या कांवड़ यात्रा के दौरान कोई एक जगह से दूसरी जगह पर नहीं जाएगा। लोगों के व्यापार चौपट हो गए। सब्जी-चाय, फल की दुकानें बंद कर दी गई हैं। क्या धर्मनिरपेक्ष राज्य बचा है उत्तर प्रदेश? क्या इससे देश आगे बढ़ जाएगा।
'टीचर ने कुछ भी गलत नहीं कहा'
टीचर ने क्या कहा, कांवड़ लेकर जाने वाले डॉक्टर,इंजीनियर,एसपी,डीएम नहीं बन सकते। उन्होंने क्या गलत कहा। ये देश की अखंडता और धर्मनिरपेक्षता पर चोट है। कई बार सुप्रीम कोर्ट ने ऐसे मामलों में सरकारों को फटकार लगाई है। लेकिन सरकारें इससे बाज नहीं आ रही हैं। अगर हुड़दंग के दौरान किसी की जान चली गई तो कौन हर्जाना भरेगा। पुलिस को बताना चाहिए कि कांवड़ियों के दौरान हुडंदंग के मामलों में कितने केस दर्ज हुए हैं।
टीचर रजनीश गंगवार पर क्यों हुई FIR
बरेली के महात्मा गांधी मेमोरियल इंटर कॉलेज के टीचर रजनीश गंगवार का एक वीडियो वायरल होने के बाद उनपर FIR दर्ज की गई थी। वे इसमें खुद की बनाई कविता- तुम कांवड़ लेकर मत जाना, ज्ञान का दीप जलाना... सुनाते नजर आ रहे हैं। वे आगे सुनाते हैं- कांवड़ ले जाकर कोई एसपी या डीएम नहीं बना है। रजनीश गंगवार की कविता का वीडियो वायरल होने के बाद हिंदू संगठनों ने विरोध जताया और इसे कांवड़ यात्रियों के प्रति भड़काऊ और अपमानजनक बताया। हिंदू संगठनों का कहना है कि अभी कांवड़ यात्रा चल रही है, यहां तक कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी श्रद्धालुओं का समर्थन कर रहे हैं, ऐसे वक्त पर एक शिक्षक का स्कूल में ऐसी कविता सुनाना भड़काऊ और अस्वीकार्य है। पुलिस ने इस मामले में टीचर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

