UP के बाराबंकी मंदिर में करंट फैलने से भगदड़: टीन शेड पर बंदरों के कूदने से तार टूटा, 2 की मौत; एक दिन पहले हरिद्वार में भी ऐसा ही हादसा हुआ था
Published:
2 min read

सावन के तीसरे सोमवार को बाराबंकी के अवसानेश्वर मंदिर में काफी भीड़ थी। (वीडियो कैप्चर)
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के हैदरगढ़ स्थित अवसानेश्वर मंदिर में करंट फैलने से भगदड़ मच गई। इस दौरान दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई। 30 से 40 लोग घायल बताए जा रहे हैं। यह घटना जलाभिषेक के दौरान घटी।
टीन शेड पर करंट फैलने से भगदड़
न्यूज एजेंसी के मुताबिक, सावन के तीसरे सोमवार को लेकर अवसानेश्वर मंदिर में भक्तों की काफी भीड़ थी। जलाभिषेक के दौरान मंदिर परिसर के टीन छावनी पर कुछ बंदर कूद पड़े। इस वजह से बिजली का तार टूटकर टीन शेड पर गिर गया। तार के गिरने से करंट टीन शेड पर फैल गया। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच भगदड़ मच गई। बाराबंकी के डीएम शशांक त्रिपाठी ने बताया कि तार टूटने से करंट फैला और अफरातफरी मच गई।
2 की मौत, लगभग 40 लोग घायल
अधिकारियों के मुताबिक, दो श्रद्धालुओं की इलाज के दौरान मौत हो गई। 10 घायलों को इलाज के लिए हॉस्पिटल भेजा गया। इनमें 5 की हालत गंभीर बताए जा रहे हैं। 26 अन्य घायलों को भी इलाज के लिए भेजा गया है।
रविवार को हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर में भी करंट फैलने से आठ श्रद्धालुओं की मौत हो गई थी। 28 लोग घायल हुए थे।

