30 साल कांग्रेस से लड़े, लेकिन उन्होंने कभी शिवसेना नहीं तोड़ी: पार्टी में बगावत का ठीकरा उद्धव ने BJP पर फोड़ा, बोले- जिसे सहारा दिया, वे हमें खत्म करने पर तुले हैं
Published:
3 min read

शिवसेना में 4 साल के अंदर दूसरी बार बड़ी टूट हो रही है। इस बार पार्टी के दो-तिहाई लोकसभा सांसद ने पाला बदला है। (फोटो सोर्स: ANI)
नेशनल डेस्क। शिवसेना (UBT) चीफ उद्धव ठाकरे ने मुंबई में एक जनसभा के दौरान BJP पर खूब निशाने साधे। अपनी पार्टी में एक बार फिर हो रही टूट को लेकर उन्होंने सारा गुस्सा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर उतारा। उन्होंने कहा कि जिस BJP को शुरुआती दौर में शिवसेना ने सहारा दिया, आज वही BJP हमारे दल को खत्म करने में लगी हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि शिवसेना 30 साल तक कांग्रेस से लड़ी लेकिन उन्होंने कभी ऐसा नहीं किया, जो आज BJP कर रही है।
दरअसल, उद्धव ठाकरे गुट के 9 में से 6 सांसदों ने बगावत का रास्ता अपना लिया है। इनमें नागेश अष्टीकर और ओमराजे निंबालकर समेत 6 सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष के सामने एकनाथ शिंदे गुट वाली शिवसेना में शामिल होने की तैयारी कर ली है। यह गुट NDA का हिस्सा है। दावे हैं कि BJP लोकसभा में परिसीमन बिल पास कराने के लिए दो-तिहाई सांसदों के आंकड़े तक पहुंचना चाहती है। यही कारण है कि हाल ही में TMC के 20 सांसद तोड़ने के बाद उद्धव गुट के 6 सांसद भी तोड़ लिए गए हैं।
शिवसेना को ठीक 4 साल पहले भी इसी तरह की टूट का सामना करना पड़ा था। तब उद्धव के हाथ से पार्टी का नाम और चुनाव चिन्ह भी चला गया था। इसके पीछे भी शिवसेना ने बीजेपी को जिम्मेदार माना था।
कांग्रेस को BJP से बेहतर बताया
उद्धव ठाकरे ने कहा- हमने 25-30 साल तक कांग्रेस से लड़ाई लड़ी, लेकिन उन्होंने कभी शिवसेना को तोड़ने या खत्म करने की कोशिश नहीं की। जिस भाजपा को हमने उंगली पकड़कर बड़ा किया, वह आज दूसरे दलों के नेताओं और सांसदों को तोड़कर अपना घर भर रही है। खुद का कोई राजनीतिक योगदान नहीं होने के कारण ये लोग दूसरों के सांसदों को तोड़कर दिल्ली की अपनी कुर्सियां मजबूत करना चाहते हैं।

अमित शाह को बताया बाहरी
उद्धव ठाकरे ने कहा है कि शिवसेना प्रमुख सिर्फ एक ही हुए हैं और वह बालासाहेब ठाकरे हैं। दूसरा कोई शिवसेना प्रमुख हो ही नहीं सकता और जनता भी उसे कभी स्वीकार नहीं करेगी। तुम अपनी औकात में रहो, शिवसेना प्रमुख कौन है यह तुम्हारे जैसे बाहरी लोग तय नहीं कर सकते।
उद्धव की यह टिप्पणी अमित शाह के उस बयान पर थी, जिसमें उन्होंने एकनाथ शिंदे गुट को ही असली शिवसेना बताया था। उन्होंने शनिवार (20 जून) को कोल्हापुर की सभा में कहा था कि महाराष्ट्र में अब एक ही शिवसेना है और वह एकनाथ शिंदे जी की लीडरशिप में काम कर रही है।
बागियों के लिए कही यह बात
2019 के लोकसभा चुनाव का जिक्र करते हुए ठाकरे ने कहा- आज जो लोग इधर-उधर छलांग लगा रहे हैं, वे 2019 में नरेंद्र मोदी के चेहरे और बालासाहेब ठाकरे के आशीर्वाद पर चुनाव जीतकर आए थे। मैं यह नहीं कहता कि वे मेरे चेहरे पर जीते थे, लेकिन आज कुछ लोग नए-नए सिद्धांत गढ़ रहे हैं। मेरे साथ मेरे शिवसैनिकों का और मां जगदंबा का आशीर्वाद है।
उन्होंने यह भी कहा कि शिवसैनिकों ने खून-पसीना बहाकर आपको मशाल चुनाव चिन्ह पर जिताया था। जहां-जहां यह गद्दारी हुई है, वहां मैं खुद जाकर जनता और मतदाताओं से माफी मांगूंगा।

