राहुल की डिनर पार्टी में सबसे पीछे बैठे दिखे उद्धव: फडणवीस बोले- हमने हमेशा पहली लाइन में बिठाया; शिंदे ने कहा- कांग्रेस ने उन्हें असली जगह दिखाई
Published:
2 min read

तस्वीर में उद्धव ठाकरे, आदित्य ठाकरे और संजय राउत पीछे वाली लाइन में बैठे नजर आए।
बीजेपी और शिवसेना (UBT) के बीच शब्दों की जंग शुरू हो गई है। दरअसल, उद्धव ठाकरे हाल ही में राहुल गांधी के घर डिनर पर गए थे। वहां राहुल गांधी ने कथित तौर पर कहे जा रहे वोटर फ्रॉड को लेकर एक प्रेजेंटेशन दिया।
वहां से एक तस्वीर वायरल हुई। इसमें उद्धव सबसे लास्ट लाइन में बैठे नजर आए। बीजेपी का कहना है कि कांग्रेस ने उद्घव का अपमान किया है। महाराष्ट्र CM फडणवीस ने कहा कि जब उद्धव एनडीए में थे, तो उन्हें हमेशा पहली पंक्ति में बिठाया गया। उन्हें हर मौके पर सम्मान दिया, लेकिन I.N.D.I.A ब्लॉक में उन्हें अपमानित किया जा रहा।
फडणवीस बोले- अब उद्धव की स्थिति देखने लायक
महाराष्ट्र बीजेपी ने भी इवेंट की तस्वीर पोस्ट करते हुए उद्धव ठाकरे पर तंज कसा। तस्वीर में उद्धव के साथ आदित्य ठाकरे और संजय राउत सबसे पीछे वाली लाइन में बैठे नजर आए।
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, CM देवेंद्र फडणवीस ने कहा- हमारे लिए उनका (उद्धव) सम्मान सबसे ऊपर था। अब समझ नहीं आ रहा कि उन्हें वहां कैसा ट्रीट किया जा रहा। उद्धव हमेशा कहते थे कि वो दिल्ली के आगे नहीं झुकेंगे। अब उनकी स्थिति देखिए। उनका यह हाल तब है कि जब वे (कांग्रेस) अभी पावर में भी नहीं हैं। जब वे हमारे साथ थे, तो उन्हें हमेशा पहली लाइन में बिठाया जाता था।
शिंदे ने कहा- कांग्रेस ने उद्धव को उनकी जगह दिखा दी
वहीं, महाराष्ट्र डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा कि जो लोग आत्म सम्मान से समझौता कर लेते हैं और बाला साहब के आदर्शों को नहीं मानते, उनके लिए इस अपमान का कोई मतलब नहीं। खैर, कांग्रेस ने उन्हें (उद्घव) उनकी असली जगह दिखा दी।
राउत बोले- सही से दिखे, इसलिए पीछे गए
बीजेपी के तंज पर उद्घव गुट का भी बयान आया है। राज्यसभा सांसद और शिवसेना उद्धव गुट के नेता संजय राउत ने कहा कि हम लोग पहली लाइन में ही बैठे थे, लेकिन स्क्रीन क्लियर न दिखने की वजह से पीछे चले गए। आप दूसरी तस्वीर देखिए, राहुल और सोनिया गांधी ने पूरे सम्मान के साथ उद्धव जी को अपना घर भी दिखाया। बीजेपी सिर्फ इसी में फंसी हुई है कि कौन कहां बैठा है।
***

